दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर ओवरहेड साइनबोर्ड में फंसी महिंद्रा थार के एआई जनरेटेड वीडियो को सोशल मीडिया पर भ्रामक तरीके से असली दुर्घटना का वीडियो बताकर साझा किया जा रहा है.
बूम ने पाया कि यह वीडियो मूल रूप से इंस्टाग्राम पर @viiztrrix नाम के एक हैंडल द्वारा पोस्ट किया गया था, जोकि एक AI कंटेंट क्रिएटर हैं.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
कथित तौर पर एनएच-48 के ओवरहेड साइनबोर्ड में फंसी थार का यह वीडियो सोशल मीडिया पर अलग-अलग कैप्शन के साथ वायरल है. कुछ यूजर्स का दावा है कि यह दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर हुई एक वास्तविक दुर्घटना को दर्शाता है. वहीं कुछ ने इसे राजस्थान की घटना का वीडियो बताया है.
पड़ताल में क्या मिला:
एआई कंटेंट क्रिएटर द्वारा बनाया गया है वीडियो
बूम ने पाया कि वायरल वीडियो इंस्टाग्राम हैंडल @viiztrrix का है, जो एक AI कंटेंट क्रिएटर है और नियमित डिजिटली क्रिएट किए गए वीडियो पोस्ट करता है. इस हैंडल का वॉटरमार्क वायरल वीडियो में भी देखा जा सकता है.
यह वीडियो 18 फरवरी 2026 को इसके इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया था. वीडियो के अंग्रेजी कैप्शन में लिखा गया कि "यह कंटेंट केवल मनोरंजन के उद्देश्य से AI द्वारा बनाया गया है. कृपया इसे गंभीरता से न लें."
क्रिएटर के अकाउंट पर मौजूद हैं ऐसे और वीडियो
इस हैंडल के टाइमलाइन को स्कैन करने पर हमने पाया कि मुख्य रूप से यह AI जनरेटेड कंटेंट शेयर करता है, जिसमें इस तरह के कार दुर्घटना के वीडियो भी शामिल हैं. इसके अकाउंट पर ऐसा ही एक एआई वीडियो मौजूद है जिसमें एक टाटा पंच कार उनके अपने विज्ञापन बोर्ड के ऊपर फंसी हुई दिखाई दे रही है.
हैंडल के बायो में क्रिएटर की पहचान Vishnu S के रूप में की गई है और बताया गया है कि वह एक एआई विजुअल क्रिएटर हैं.
वीडियो के साइनबोर्ड में विसंगतियां
गौर से देखने पर हमें वीडियो में ऐसी कई गड़बड़ियां नजर आईं, जो इसके AI से बनाए जाने का संकेत देती हैं. उदाहरण के तौर पर ऊपर लगे साइनबोर्ड के दाहिनी ओर लिखा टेक्स्ट अस्पष्ट है और इसमें '1anic', '1a', '1ngic' जैसे अजीब शब्द दिखाई दे रहे हैं. हमने पाया कि इन शब्दों का दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे के किसी वास्तविक स्थान से कोई संबंध नहीं है.
एआई डिटेक्शन टूल ने की पुष्टि
हमने एआई डिटेक्शन टूल Hive Moderation के जरिए इस वीडियो का विश्लेषण किया. इस टूल ने वीडियो के एआई जनरेटेड होने की संभावना 98.5 प्रतिशत बताई.


