ईरान-इजरायल के जारी संघर्ष के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक रिहायशी इलाके से भीषण आग और धुएं का गुबार उठता दिखाई दे रहा है. इस वीडियो को ईरान द्वारा इजरायल के शहर तेल अवीव पर किए गए हमले के बाद की स्थिति का बताकर शेयर किया जा रहा है.
बूम ने जांच में पाया कि वायरल वीडियो का ईरान और इजरायल संघर्ष से कोई संबंध नहीं है. यह वीडियो 6 मार्च 2026 को फिलीपींस के क्वेजोन के Barangay Pinyahan इलाके में लगी आग का है.
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहा संघर्ष अब तीसरे सप्ताह में प्रवेश कर चुका है. इस बीच ईरान ने इजरायली हमले में अपने पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी के मारे जाने की पुष्टि की है. इन घटनाओं के बाद ईरान ने खाड़ी देशों के साथ-साथ इजरायल पर भी हमले तेज कर दिए हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक 17-18 मार्च 2026 को इजरायली शहर तेल अवीव पर हुए हमले में दो नागरिकों की मौत की पुष्टि हुई है.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
विभिन्न सोशल मीडिया माध्यमों पर भीषण आग का यह वीडियो खूब वायरल है. यूजर्स इसे ईरान द्वारा इजरायल पर किए गए हमले के रूप में पेश कर रहे हैं.
एक एक्स यूजर ने इसके साथ हिंदी कैप्शन में लिखा, "...तेल अवीव के केंद्रीय इलाकों में ईरान की ओर से दागी गई मिसाइलों के गिरने के बाद कई जगहों पर भीषण आग भड़क उठी है. धमाकों की आवाजें दूर-दूर तक सुनी गईं और कई इमारतों में आग फैल गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.." (आर्काइव लिंक)
एक्स और इंस्टाग्राम पर कई यूजर्स ने इसे शेयर करते हुए दावा किया कि ईरान ने इजरायल की खुफिया एजेंसी मोसाद के हेडक्वार्टर को तबाह कर दिया है. (आर्काइव लिंक)
कुछ यूजर्स इस वीडियो को ईरान द्वारा दुबई के पाम जुमेराह स्थित Fairmont The Palm होटल पर किए गए मिसाइल हमले का तो कुछ इसे इजरायली पीएम बेंजामिन नेतान्याहू के आवास पर हुए हमले का बता रहे हैं. आर्काइव लिंक यहां और यहां देखें.
पड़ताल में क्या मिला:
वायरल वीडियो फिलीपींस का है
रिवर्स इमेज सर्च की मदद से हमें फिलीपींस के मीडिया नेटवर्क GMA Integrated News के आधिकारिक एक्स हैंडल पर इससे संबंधित कुछ पोस्ट मिले. इन पोस्ट के मुताबिक यह वीडियो 6 मार्च 2026 की रात क्वेजोन सिटी के Barangay Pinyahan में NIA Road पर स्थित एक रिहायशी इलाके में लगी आग का है.
GMA Integrated News द्वारा शेयर किए गए एक एरियल व्यू वाले वीडियो में वायरल वीडियो से मिलते-जुलते विजुअल देखे जा सकते हैं. संबंधित पोस्ट यहां और यहां देखें.
घटना पर मौजूद हैं खबरें
GMA News Online की 7 मार्च 2026 की रिपोर्ट के अनुसार 6 मार्च को क्वेजोन के Barangay Pinyahan में एक आवासीय परिसर में भीषण आग लग गई. इस घटना में करीब 4,000 परिवार प्रभावित हुए जबकि एक व्यक्ति की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई. अधिकारियों ने बताया कि तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैल गई, स्थिति पर काबू पाने के लिए Task Force Bravo को बुलाया गया.
Manila Times और Manila Bulletin ने Bureau of Fire Protection के हवाले से बताया कि आग लगने की पहली सूचना रात 9:01 बजे मिली थी, तब यह शुरुआती चरण में थी. Philstar.com के मुताबिक Task Force Bravo ने अगली सुबह तक आग पर काबू पा लिया था.
Daily Tribune और ABS-CBN की रिपोर्ट में इसपर विस्तृत खबर देखी जा सकती है. हालांकि उपलब्ध रिपोर्ट में आग लगने के कारण की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है. ABS-CBN न्यूज के इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी 6 मार्च को साझा किया गया वायरल वीडियो से मिलता हुआ एक वीडियो देखा जा सकता है.
गूगल मैप्स पर हुई लोकेशन की पुष्टि
मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के आधार पर हमने Quezon City के NIA Road को जियोलोकेट किया. इसके जरिए हमने पाया कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही इमारत इसी सड़क के पास स्थित है.


