दिल्ली के उत्तम नगर में तरुण खटीक की हत्या के बाद 'खून की होली खेलने' जैसी धमकियों के बीच पुलिस निगरानी में ईद का त्योहार मनाया गया. इसी सिलसिले में सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल हो रहे हैं जिन्हें उत्तम नगर का बताकर शेयर किया जा रहा है.
पहले वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि ईद के दिन उत्तम नगर में हिंदुओं ने होली मनाई. इस वीडियो में मस्जिद के बाहर बड़ी संख्या में लोग डीजे पर थिरकते नजर आ रहे हैं, कुछ के हाथ में भगवा झंडे भी दिखाई दे रहे हैं.
दूसरे वीडियो में लोग एक-दूसरे पर लाठियां फेंकते दिख रहे हैं. इसके साथ भी दावा किया जा रहा है कि यह ईद के दिन उत्तम नगर का दृश्य है.
दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन युवक तरुण खटीक की मौत के बाद से इलाके में सांप्रदायिक तनाव बढ़ गया. इसी बीच ईद के मौके पर माहौल बिगाड़ने की धमकी वाले वीडियो भी सामने आए, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई. उत्तम नगर में भारी तैनाती के बीच लोगों ने ईद का त्योहार सादगी के साथ मनाया.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
उत्तम नगर से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल हुए. पहले वीडियो के साथ दावा किया गया कि उत्तम नगर में ईद के दिन हिंदुओं ने होली मनाई. (आर्काइव लिंक)
एक-दूसरे पर लाठी-डंडे फेंकते लोगों के एक अन्य वीडियो को भी शेयर करते हुए लिखा गया कि 'दिल्ली उत्तम नगर में ईद के दिन का मामला.' (आर्काइव लिंक)
पड़ताल में क्या मिला:
बूम ने जांच के दौरान के पाया कि वायरल हो रहे वीडियो उत्तम नगर के नहीं हैं. पहला वीडियो कर्नाटक के रायचूर का है. वहीं दूसरा वीडियो राजस्थान के बांसवाड़ा जिले का है.
1. मस्जिद के बाहर जुटी भीड़ का वीडियो
रिवर्स इमेज सर्च के जरिए हमें 23 सितंबर 2024 का एक इंस्टाग्राम पोस्ट मिला, जिसमें वायरल वायरल वीडियो मौजूद था. इससे स्पष्ट था कि यह वीडियो हाल का नहीं है.
वीडियो कर्नाटक के रायचूर का है
अकाउंट की जांच करने पर पता चला कि यूजर कर्नाटक से है और वायरल वीडियो रायचूर में रिकॉर्ड किया गया है. यूजर ने एक स्टोरी में इसी वीडियो से मिलते-जुलते कंटेंट के साथ रायचूर और गणेश चतुर्थी का जिक्र किया है.
अकाउंट से जुड़े यूट्यूब चैनल पर भी ऐसे ही एक वीडियो को शेयर करते हुए इसे रायचूर में गणपति विसर्जन कार्यक्रम का बताया गया. यह वीडियो यूट्यूब और इंस्टाग्राम दोनों पर साल 2023 में भी पोस्ट किया गया है. अकाउंट और इससे जुड़े अन्य इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी ऐसे मिलते-जुलते कई वीडियो देखे जा सकते हैं.
वीडियो को गौर से देखने पर हमने पाया कि मस्जिद पर 'USMANIYA MASJID' लिखा है. इसके बाद हमने गूगल मैप्स पर रायचूर स्थित इस लोकेशन की तलाश की. गूगल मैप्स के स्ट्रीट व्यू में हमें यही मस्जिद दिखाई दी, जिससे पुष्टि होती है कि वीडियो दिल्ली के उत्तम नगर का नहीं बल्कि कर्नाटक के रायचूर का है.
2. एक-दूसरे पर डंडे फेंकने का वीडियो
रिवर्स इमेज और संबंधित कीवर्ड सर्च की मदद से हमें इंस्टाग्राम पर 3 मार्च 2026 के कई पोस्ट मिले, जिनमें वायरल वीडियो या इससे मिलते-जुलते वीडियो मौजूद थे. यहां और यहां देखें. इससे साफ था कि वीडियो ईद (21 मार्च 2026) से पहले का है.
पोस्ट के कैप्शन में इस वीडियो को राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के घाटोल का बताया गया, जहां इस तरह की अनोखी होली खेली जाती है. परंपरा के अनुसार इसमें दो समूह आमने-सामने खड़े होकर एक-दूसरे पर लकड़ियां फेंकते हैं.
आगे हमें बांसवाड़ा की इस अनोखी होली से जुड़ी दैनिक भास्कर की करीब चार साल पुरानी रिपोर्ट मिली, जिसके फीचर वीडियो में वायरल क्लिप में दिख रही कुछ इमारतें भी नजर आती हैं.
रिपोर्ट के अनुसार बांसवाड़ा में पाटीदार समाज के लोग होली पर लगभग 564 साल पुरानी परंपरा को निभाते हुए 'होली की राड़' खेलते हैं, इस रस्म में लोग एक-दूसरे पर जलती हुई लकड़ियां फेंकते हैं. दैनिक भास्कर की एक अन्य रिपोर्ट के अलावा इस अनूठी होली पर पत्रिका न्यूज की भी एक रिपोर्ट देखी जा सकती है.
गूगल मैप्स पर हुई लोकेशन की पुष्टि
वायरल वीडियो में दिख रहे 'गणेश डिजिटल स्टूडियो' और 'जोधपुर मिष्ठान भंडार' दुकानों के आधार पर हमने राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के घाटोल स्थित इस लोकेशन को जियो लोकेट किया. गूगल मैप्स के स्ट्रीट व्यू में ये दुकानें स्पष्ट रूप से दिखाई देती हैं.
इससे साफ हो जाता है कि यह वीडियो राजस्थान के बांसवाड़ा का है, जिसे गलत तरीके से दिल्ली के उत्तम नगर का बताकर वायरल किया जा रहा है.


