सोशल मीडिया पर वेनेजुएला में बीते दिनों आए विनाशकारी भूकंप से जोड़कर एक एआई जनरेटेड तस्वीर वायरल हो रही है. दावा किया जा रहा है कि वेनेजुएला में भूकंप के बाद मलबे के भीतर एक डॉग मिला, जो एक बच्चे को ढककर उसकी रक्षा कर रहा था.
बूम ने इस तस्वीर की जांच की तो पाया कि यह तस्वीर वास्तविक नहीं है. OpenAI के इमेज वेरिफिकेशन टूल ने पुष्टि की कि यह तस्वीर एआई टूल्स की मदद से बनाई गई है.
गौरतलब है कि 24 जून को कुछ ही सेकेंड के अंतराल पर आए 7.2 और 7.5 की तीव्रता वाले भूकंप के दो झटकों ने वेनेजुएला में तबाही मचा दी. इस आपदा में अबतक करीब 2595 लोगों की मौत चुकी है और 11000 से अधिक लोग घायल हुए हैं. वेनेजुएला में आपातकाल की परिस्थितियों के बीच बचावकार्य अभी भी जारी हैं.
सोशल मीडिया पर क्या वायरल?
विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वेनेजुएला में आए भूकंप से जोड़ते हुए वायरल हो रही इस तस्वीर में मलबे में एक डॉग एक नवजात बच्चे के साथ बैठा नजर आ रहा है.
तस्वीर के साथ अंग्रेजी में एक भावुक कर देने वाला लंबा कैप्शन शेयर किया गया, जिसमें दावा किया गया है कि वेनेजुएला में भूकंप से ढही एक इमारत के मलबे में एक कुत्ता अपने शरीर से बच्चे की रक्षा करता पाया गया. कैप्शन के अनुसार बचाव दल ने बाद में डॉग और बच्चे दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
बूम को यह तस्वीर वेरिफाई करने की रिक्वेस्ट के साथ उसके टिपलाइन नंबर (7700906588) पर भी मिली.
पड़ताल में क्या मिला:
घटना पर कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं है
हमें स्थानीय या अंतरराष्ट्रीय मीडिया में ऐसी कोई विश्वसनीय रिपोर्ट नहीं मिली जिसमें वेनेजुएला में भूकंप के दौरान किसी डॉग द्वारा बच्चे की जान बचाए जाने की घटना का उल्लेख किया गया हो, जैसा कि वायरल तस्वीर के साथ दावा किया जा रहा है.
हालांकि हमें ऐसी कई खबरें मिलीं, जिनमें रेस्क्यू टीम द्वारा अलग-अलग स्थानों से कुत्तों और छोटे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने की जानकारी दी गई है. यहां, यहां, यहां और यहां देखें.
एक फेसबुक पोस्ट में वायरल तस्वीर का क्रेडिट 'Reinier Neapol' को दिया गया था. हमें Reinier Neapol नाम के इस यूजर के फेसबुक पेज पर भी यह तस्वीर मिली, हालांकि इसके साथ दिए गए स्पेनिश कैप्शन में घटना से जुड़ी कोई ठोस जानकारी नहीं थी. हमने पाया कि डिजिटल क्रिएटर Reinier Neapol के फेसबुक पेज पर ऐसी कई AI जनित तस्वीरें पोस्ट की गई हैं.
तस्वीर OpenAI की मदद से बनाई गई है
इस तस्वीर की पड़ताल के लिए हमने इसे Hive Moderation जैसे AI डिटेक्शन टूल पर चेक किया. Hive Moderation ने इसके AI जनरेटेड होने की संभावना 99.9 प्रतिशत बताई.
पुष्टि के लिए हमने इसे OpenAI के इमेज वेरिफिकेशन टूल पर भी चेक किया. जांच में पता चला कि इसमें OpenAI का SynthID वॉटरमार्क मौजूद है, जो संकेत देता है कि तस्वीर OpenAI के AI टूल्स की मदद से बनाई गई है.


