सोशल मीडिया पर एक हैरान कर देने वाला वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दो युवतियां एक लड़की को लगातार थप्पड़ मारती नजर आ रही हैं. इसके साथ दावा किया जा रहा है कि कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में अपशब्दों का इस्तेमाल करने वाली एक प्रदर्शनकारी को उसके परिजन सबक सिखाते हुए उसके साथ मारपीट कर रहे हैं.
बूम ने पाया कि वीडियो के साथ भ्रामक दावा किया जा रहा है. वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं बल्कि जनवरी 2026 से इंटरनेट पर मौजूद है.
गौरतलब है कि जंतर मंतर पर करीब 37 दिनों तक चले कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर देशभर से छात्र-युवा शामिल हुए. प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के लिए अपशब्दों के इस्तेमाल वाले कुछ वीडियो भी वायरल हुए, जिनकी व्यापक स्तर पर आलोचना हुई. इस बीच प्रधानमंत्री मोदी ने भी एक वीडियो संदेश जारी कर इसपर अपनी प्रतिक्रिया दी.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
'जेन जी' द्वारा अपशब्दों के इस्तेमाल की चर्चा के बीच थप्पड़ खाती युवती का यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है. एक्स पर एक यूजर ने इसे शेयर करते हुए लिखा, 'पढ़ने के लिए भेजा था गाली-गलौच करने के लिए नहीं. घर वाले एक गालीबाज 'कॉकरोज' की कुटाई कर रहे हैं.'
पड़ताल में क्या मिला:
वायरल वीडियो पुराना है
रिवर्स इमेज सर्च की मदद से हमें इंस्टाग्राम पर 25 जनवरी 2026 का पोस्ट किया गया यही वीडियो मिला. हालांकि इसके साथ कोई खास जानकारी नहीं दी गई थी, लेकिन इससे एक बात तो स्पष्ट थी कि इसका कॉकरोच जनता पार्टी के हालिया प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है और यह वीडियो पुराना है.
आगे हमें वीडियो पर आजतक, स्टेट मिरर, इंडिया टीवी और एबीपी न्यूज की 21-22 जनवरी 2026 की रिपोर्ट मिली. इन रिपोर्ट में भी घटना की सटीक जानकारी नहीं थी. लेकिन रिपोर्ट में दावा किया गया था कि मामला किसी लड़के से जुड़ा था, जिसे लेकर लड़कियों में विवाद हो गया और उन्होंने देखते ही देखते लड़की को करीब 60 थप्पड़ जड़ दिए.
वीडियो का सीजेपी प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है
तब कई अंतरराष्ट्रीय मीडिया आउटलेट ने भी वायरल वीडियो के आधार पर खबरें प्रकाशित की थीं.
हालांकि बूम स्वतंत्र रूप से इसकी पुष्टि नहीं कर सका कि वीडियो कब-कहां रिकॉर्ड हुआ था और लड़की के साथ मारपीट की असली वजह क्या थी. लेकिन हमारी जांच में स्पष्ट है कि वीडियो जनवरी 2026 से इंटरनेट पर मौजूद है.
वहीं कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत मई 2026 में मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत के एक विवादित बयान के बाद हुई थी और जंतर मंतर पर प्रदर्शन 20 जून 2026 से शुरू हुआ था. यानी वायरल वीडियो इस आंदोलन से पहले का है.
यह भी पढ़ें -CJP प्रदर्शन में शामिल छात्रों को धमकी देने के दावे से पीएम मोदी का डीपफेक वीडियो वायरल


