अमेरिका-इजरायल और ईरान के सैन्य संघर्ष के चलते मिडिल ईस्ट में बढ़े तनाव के बीच सोशल मीडिया पर दुबई स्थित बुर्ज खलीफा पर ईरान द्वारा 1,800 मिसाइलें दागने के दावे से एक एआई जनरेटेड वीडियो वायरल है.
कई AI डिटेक्शन टूल्स ने पुष्टि करते हुए बताया कि वीडियो में दिख रहे दृश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से बनाए गए हैं. इसके अलावा बुर्ज खलीफा पर ऐसे किसी हमले की कोई विश्वसनीय खबर नहीं है.
ईरान और अमेरिका-इजरायल अलायंस के बीच 28 फरवरी 2026 से शुरू हुए सैन्य टकराव के बाद से सोशल मीडिया पर AI से बने ऐसे विज़ुअल्स की बाढ़ आ गई जिन्हें गलत तरीके से इस संघर्ष से जोड़ा गया. एआई के जरिए फैल रही गलत जानकारी को लेकर बढ़ती चिंता के बीच एक्स की प्रोडक्ट हेड निकिता बियर ने घोषणा की कि जो यूजर बिना जानकारी दिए एआई से बने युद्ध के वीडियो पोस्ट करेंगे, उन्हें 90 दिनों के लिए Creator Revenue Sharing से निलंबित कर दिया जाएगा.
निकिता ने आगे यह भी दावा किया कि हाल में एक्स पर वायरल हुए वार के कई फर्जी वीडियो OpenAI के टूल Sora की मदद से बनाए गए थे, उनमें Sora का मेटाडाटा पाया गया था.
सोशल मीडिया पर क्या वायरल?
वायरल हो रहे इस वीडियो में बुर्ज खलीफा को क्षतिग्रस्त और भीषण आग में जलता हुआ दिखाया गया है. इंस्टाग्राम पर एक यूजर ने इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया, "दुनिया की सबसे ऊंची इमारत Burj Khalifa पर 1800 मिसाइलें दागे जाने का दावा सामने आया है. हर मिसाइल के निशाने पर लगने की बात कही जा रही है, जिससे हालात बेहद गंभीर बताए जा रहे हैं. इस घटना से जुड़ी पूरी जानकारी, संभावित कारण और अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया जानने के लिए वीडियो देखें." (आर्काइव लिंक)
पड़ताल में क्या मिला:
वीडियो में मौजूद है विसंगतियां
बूम को जांच के दौरान वायरल दावे और इस वीडियो की पुष्टि करने वाली कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिलीं.
वीडियो की पड़ताल करते हुए हमने गौर किया एक फ्रेम में चल रहे लोग अचानक विकृत होकर एक-दूसरे में विलीन हो जाते हैं. इस तरह की विकृति आम तौर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से बनाए गए कंटेंट में पाई जाती है.
एआई डिटेक्शन टूल्स ने की पुष्टि
इसके बाद हमने DeepFake-O-Meter और Hive Moderation जैसे एआई डिटेक्शन टूल का उपयोग कर इस वीडियो का विश्लेषण किया. दोनों टूल्स से मिले परिणामों ने स्पष्ट संकेत दिया कि इस वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया था.


