पश्चिम एशिया में मौजूदा संकट के बीच सोशल मीडिया पर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ईरान द्वारा अमेरिकी जहाज को कब्जे में लेने के दावे से एक वीडियो वायरल हो रहा है.
बूम ने पाया कि वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है. यह वीडियो साल 2019 का है, तब ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने ब्रिटेन के झंडे वाले जहाज Stena Impero को कब्जे में लिया था.
28 फरवरी से जारी अमेरिकी‑इजरायल और ईरान संघर्ष ने वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को चुनौती में डाल दिया है. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज- जोकि ईरान और ओमान के बीच स्थित है, दुनिया भर में तेल और अन्य समुद्री आयात‑निर्यात का प्रमुख मार्ग है. पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव की वजह से यह मार्ग प्रभावित है. हालांकि ईरान ने कहा है कि यह जलमार्ग पूरी तरह से बंद नहीं किया गया है.
न्यूयॉर्क स्थित ईरानी दूतावास के आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में कहा गया कि दूसरों देशों से संबंधित जहाज जो गैर‑शत्रुतापूर्ण हैं- अगर वे ईरान के खिलाफ किसी आक्रामक कार्रवाई में भाग नहीं लेते हैं और न ही उसका समर्थन करते हैं तथा घोषित सुरक्षा और संरक्षा नियमों का पूर्ण रूप से पालन करते हैं तो सक्षम ईरानी अधिकारियों के समन्वय से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का लाभ उठा सकते हैं.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में समुद्र के बीच एक जहाज पर मास्क पहने कुछ सैनिक हेलीकॉप्टर से रस्सी के सहारे उतरते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में स्ट्रेट से गुजर रहे जहाज के चारों ओर कई छोटी स्पीड बोट नजर आती हैं, जिनमें से एक पर ईरान का झंडा भी देखा जा सकता है. वहीं जहाज पर "Stena Impero" लिखा हुआ दिखाई देता है.
एक्स और फेसबुक जैसे माध्यमों पर इस वीडियो को शेयर करते हुए यूजर्स इसे ब्रेकिंग न्यूज की तरह प्रस्तुत कर रहे हैं और लिख रहे हैं, "ईरान ने अमेरिकी जहाज को कब्जे में लेकर दुनिया को चौंका दिया. अमेरिका की कोशिश हुई नाकाम! ईरान का सीधा संदेश- होर्मूज जलडमरूमध्य अमेरिका के लिए नहीं है. आर्काइव लिंक यहां और यहां देखें.
पड़ताल में क्या मिला:
वायरल वीडियो करीब सात साल पुराना है
वीडियो के कीफ्रेम को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें ईरानी न्यूज नेटवर्क प्रेस टीवी के एक्स हैंडल पर वायरल वीडियो मिला. यहां यह वीडियो 20 जुलाई 2019 को पोस्ट किया गया था जो बताता है इसका हालिया घटनाक्रम से कोई संबंध नहीं है.
इसके कैप्शन में बताया गया कि IRGC ने उस पल का वीडियो जारी किया था जब उनकी सेनाओं ने होर्मुज में ब्रिटिश टैंकर Stena Impero पर कब्जा किया था.
IRGC ने ब्रिटेन के झंडे वाले जहाज पर किया था कब्जा
आगे हमें इस घटना से जुड़ी जुलाई 2019 की अलजजीरा, सीएनएन, न्यूयॉर्क टाइम्स, द गार्डियन और एनबीसी न्यूज की रिपोर्ट मिली. इन सभी रिपोर्ट में वायरल वीडियो के विजुअल मौजूद थे. रिपोर्ट के मुताबिक ईरान की Islamic Revolutionary Guard Corps (IRGC) ने 19 जुलाई को 2019 को ब्रिटेन के झंडे वाले टैंकर Stena Impero को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में रोक लिया था, जिसके बाद यह वीडियो जारी किया गया था.
ईरान ने इस कार्रवाई के पीछे जहाज पर "अंतरराष्ट्रीय नियमों के उल्लंघन" का आरोप लगाया था. हालांकि Stena Impero का संचालन करने वाली कंपनी स्टेना बल्क के सीईओ एरिक हेनेल ने ईरान के इन आरोपों का खंडन किया था.
इस जहाज में सवार 23 क्रू मेंबर्स को हिरासत में लिया गया था, हालांकि उनमें से कोई भी ब्रिटिश नागरिक नहीं था. इनमें मुख्य रूप से भारत, लातविया, फिलीपींस और रूस के नाविक शामिल थे. बीबीसी और द गार्डियन की रिपोर्ट के अनुसार करीब दो महीने बाद सितंबर 2019 में इस जहाज को रिहा कर दिया गया था.
शिपिंग कंपनी स्टेना बल्क की वेबसाइट के अनुसार Stena Impero ब्रिटिश झंडे के तहत संचालित होता है. वहीं vesselfinder.com और marinetraffic.com जैसी वेबसाइट के मुताबिक इस जहाज को TORM FORTUNE के नाम से जाना जाता है और यह डेनमार्क के झंडे के नीचे संचालित होता है.


