दुबई एयर शो में क्रैश हुए फाइटर जेट का वीडियो ईरान-इजरायल संघर्ष से जोड़कर वायरल
बूम ने पाया कि वायरल वीडियो नवंबर 2025 में दुबई एयर शो के दौरान भारत के तेजस लड़ाकू विमान के क्रैश का है.

ईरान-इजरायल संघर्ष के बीच सोशल मीडिया पर फाइटर जेट क्रैश का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है. इसके साथ दावा किया जा रहा है ईरान ने इजरायल के फाइटर जेट F16 को मार गिराया है.
बूम ने पाया कि वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है. यह वीडियो नवंबर 2025 का है, जब दुबई एयर शो के दौरान भारत का लड़ाकू विमान तेजस दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इसमें सवार पायलट ने भी हादसे में जान गंवा दी थी.
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने इजरायल के F16 लड़ाकू विमान को मार गिराया है. इजरायल ने स्पष्ट तौर पर किसी F16 विमान के क्षतिग्रस्त होने की पुष्टि नहीं की है लेकिन यह स्वीकार किया है कि उसके एक विमान को निशाना बनाया गया था.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
एक्स जैसे माध्यमों पर वायरल हो रहे इस वीडियो में एक जेट विमान को जमीन पर गिरते और विस्फोट होते देखा जा सकता है. इसे हालिया ईरान-इजरायल संघर्ष से जोड़ते हुए यूजर लिख रहे हैं कि "ईरान ने इजराइल का F16 फाइटर जेट मार गिराया है. IGRC ने वीडियो जारी करके इजराइल के F16 फाइटर जेट को गिराने का दावा किया है." (आर्काइव लिंक)
पड़ताल में क्या मिला:
वीडियो साल 2025 का है
रिवर्स इमेज सर्च की मदद से हमें पत्रकार आदित्य राज कौल और आशुतोष मिश्रा के एक्स हैंडल पर 21 नवंबर 2025 का पोस्ट किया गया वायरल वीडियो मिला. इन पोस्ट में बताया गया कि दुबई एयर शो के दौरान भारत का तेजस लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इससे स्पष्ट था कि यह वीडियो 2025 से ही इंटरनेट पर उपलब्ध है.
Sputnik India के एक्स हैंडल पर भी इस घटना से जुड़े वीडियो साझा किए गए थे और बताया गया था कि इस दुर्घटना में विमान के पायलट की मौत हो गई थी.
दुबई एयर शो के दौरान हुआ तेजस क्रैश
आगे हमें इस क्रैश से जुड़ी कई न्यूज रिपोर्ट मिलीं, जिनमें वायरल वीडियो के विजुअल मौजूद थे. एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 21 नवंबर 2025 को दुबई एयर शो में प्रदर्शन के दौरान एक तेजस लड़ाकू विमान स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 2:10 बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
घटना पर इंडिया टुडे, नवभारत टाइम्स, रॉयटर्स और टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट भी देखी जा सकती है. इन रिपोर्ट में भी बताया गया कि हादसे में वायुसेना के विंग कमांडर नमांश स्याल को गंभीर चोटें आईं जिसके बाद उनकी मृत्यु हो गई. उस समय हादसे के कारणों की जांच के लिए वायुसेना ने कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के गठन का आदेश दिया था.
बता दें कि दुबई एयर शो 2025 का आयोजन 17 से 21 नवंबर के बीच डीडब्ल्यूसी दुबई एयरशो साइट पर किया गया था.


