कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में शामिल युवती के दावे से एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें युवती को क्रॉप टॉप पहने दिखाया गया है. इस तस्वीर को शेयर करते हुए यूजर इसपर अभद्र तरीके की टिप्पणियां कर रहे हैं.
हालांकि बूम ने जांच में पाया कि प्रदर्शन में शामिल युवती को दिखाने वाली यह तस्वीर फेक है. कई एआई डिटेक्शन टूल ने इसकी पुष्टि की है कि तस्वीर को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से बनाया गया है.
गौरतलब है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सीजेपी ने 37 दिनों से जारी प्रदर्शन को खत्म करने की घोषणा कर दी है. बावजूद इसके सोशल मीडिया पर अब भी इससे जोड़कर लगातार फेक न्यूज शेयर किए जा रहे हैं. इसी क्रम में यह तस्वीर भी वायरल है.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
एक्स और इंस्टाग्राम जैसे माध्यमों पर क्रॉप टॉप पहने युवती की यह तस्वीर अभद्र कैप्शन के साथ शेयर की जा रही है और इसके जरिए छात्र-युवाओं के इस प्रदर्शन पर सवाल उठाए जा रहे हैं.
आर्काइव लिंक यहां और यहां देखें.
पड़ताल में क्या मिला:
वायरल तस्वीर में मौजूद विसंगतियां
तस्वीर में कुछ ऐसी विसंगतियां दिखाई देती हैं जो संकेत देती हैं कि यह वास्तविक नहीं है. उदाहरण के तौर पर देखें तो तस्वीर में पीछे साइनबोर्ड पर लिखे शब्द स्पष्ट नहीं हैं. वहीं तस्वीर में मौजूद एक व्यक्ति का सिर भी सामान्य से बड़ा दिखाई दे रहा है.
तस्वीर AI जनरेटेड है
आगे हमने इसे Sightengine जैसे AI डिटेक्शन टूल पर चेक किया. Sightengine ने इसके AI जनरेटेड होने की संभावना 99 प्रतिशत बताई.
हमने इसे OpenAI के इमेज वेरिफिकेशन टूल पर भी चेक किया. जांच में पता चला कि इसमें OpenAI का SynthID वॉटरमार्क मौजूद है, जो संकेत देता है कि तस्वीर OpenAI के AI टूल्स की मदद से बनाई गई है.
इसके अलावा एक वायरल तस्वीर पर हमें इसके क्रिएटर bellyjellies2.0 (विशाल सोनी) का वाटरमार्क भी मिला. हालांकि फिलहाल उन्होंने अपना अकाउंट डिलीट कर दिया है इसलिए हम इस तस्वीर की मूल पोस्ट तक नहीं पहुंच सके, लेकिन हमारी जांच में साफ है कि तस्वीर AI जनरेटेड है.
यह भी पढ़ें -धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भी अभिजीत दीपके के जंतर मंतर न छोड़ने का दावा गलत है


