सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह पुलिस अधिकारी के सामने घुटने पर बैठकर हाथ जोड़ते हुए नजर आ रहे हैं.
दावा किया जा रहा है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद पुलिस कमिश्नर ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश जारी किए, जिसके बाद जंतर मंतर न खाली करने वाले अभिजीत दीपके घुटनों के बल बैठकर पुलिस से रहम की भीख मांगने लगे.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
फेसबुक पर वीडियो को शेयर हुए यूजर ने दावा किया कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा देने के बाद भी अभिजीत दीपके जंतर मंतर छोड़ नहीं रहे थे और प्रोटेस्ट बंद नहीं कर रहे थे. लेकिन जैसे ही यह खबर आई कि पुलिस कमिश्नर ने एक ऑर्डर जारी किया है, जिसमें असामाजिक तत्वों की पहचान करके उनके खिलाफ एक्शन लेने, जरूरत पड़ने पर पासपोर्ट कैंसिल करने और उन्हें 12 महीने तक तिहाड़ जेल में रखने जैसे कदम उठाने का आदेश दिया गया है. इसके बाद खुद को बड़ा लीडर मानने वाले 'कॉकरोच लीडर' घुटनों के बल बैठ गए और रहम की भीख मांगने लगे कि "मुझे अकेला छोड़ दो!" (आर्काइव लिंक)
पड़ताल में क्या मिला:
वीडियो धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के पहले का है
हमें सीजेपी समर्थक एक्स अकाउंट और अभिजीत दीपके के एक्स अकाउंट पर 9 जुलाई का पोस्ट किया गया यह वीडियो मिला, जो बताता है कि वीडियो धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से पहले का है.
वीडियो में तिरपाल लगाने की गुहार कर रहे थे अभिजीत
इसके कैप्शन में अभिजीत दीपके ने लिखा, "मैं पुलिस अधिकारियों से अनुरोध करता हूं कि वे हमें टेंट लगाने दें ताकि भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों को बारिश से बचाया जा सके."
इसके कमेंट सेक्शन में भी दीपके ने बताया कि वे लोग तीन दिनों से टेंट लगाने की मंजूरी का इंतजार कर रहे थे क्योंकि बारिश की वजह से अनशन पर बैठे लोग सो नहीं पा रहे थे और उनका सामान भी भीग रहा था.
कई मीडिया आउटलेट ने भी खबर प्रकाशित की थी
एबीपी न्यूज, दैनिक भास्कर और नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट में भी बताया गया कि तिरपाल लगाने की इजाजत मांगने के क्रम में कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके 9 जुलाई को जंतर मंतर पर पुलिस अधिकारियों के पैर पड़ते नजर आए थे.
गौरतलब है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सीजेपी ने 37 दिनों से जारी अपने प्रदर्शन को खत्म करने का ऐलान कर दिया है. इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जंतर मंतर खाली कर दिया है. आंदोलन खत्म होने के बाद पुलिस और एनडीएमसी ने पूरे इलाके में सफाई शुरू कर दी है और प्रदर्शन स्थल से ग्राफिटी आदि को हटाया जा रहा है. फिलहाल वहां सन्नाटा है और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है.


