नीट पेपर लीक में गड़बड़ियों को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी और छात्रों के लंबे विरोध प्रदर्शन के बाद 25 जुलाई को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया. इसी बीच उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चेतावनी देते हुए कहते सुनाई दे रहे हैं, "अगर मेरा पतन हुआ, तो मैं सबका पतन सुनिश्चित करूंगा."
बूम ने पाया कि धर्मेंद्र प्रधान के मूल वीडियो में एआई की मदद से छेड़छाड़ की गई है, जिसे उन्होंने 18 जून को अपने एक्स पर साझा किया था. वीडियो में वह ओड़िया भाषा में शीतल षष्ठी के अवसर पर संदेश देते दिखाई देते हैं. वहीं Hive Moderation और Hiya जैसे एआई डिटेक्शन टूल्स ने वायरल वीडियो की आवाज को AI जनरेटेड बताया है.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
पाकिस्तानी प्रोपेगेंडा अकाउंट @InsiderWB ने इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री मोदी के लिए चेतावनी भरा संदेश जारी किया और कहा, "मैं अंबानी और अडानी परिवार के उन सभी लोगों के नाम लूंगा जिनके लिए आपने मुझसे पेपर लीक करवाए हैं..." फेसबुक पर भी यह वीडियो इसी दावे से वायरल है.
आर्काइव लिंक यहां और यहां देखें.
पड़ताल में क्या मिला:
वीडियो धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से पहले का है
हमें धर्मेंद्र प्रधान के आधिकारिक एक्स हैंडल पर 18 जून 2026 का पोस्ट किया गया मूल वीडियो मिला. मूल वीडियो के ट्रांसक्रिप्ट से पता चला कि धर्मेंद्र प्रधान इसमें ओड़िया में शीतल षष्ठी के महत्व पर बात करते हुए इसे ओडिशा की सांस्कृतिक धरोहर बता रहे हैं. साथ ही वह इसमें लोगों से 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से जुड़ने की अपील करते नजर आ रहे हैं.
शीतल षष्ठी मुख्य रूप से ओडिशा में मनाया जाने वाला एक हिंदू त्यौहार है, जो एक सप्ताह तक चलता है. इस वर्ष यह 15 से 21 जून के बीच मनाया गया था.
वीडियो में AI की मदद से छेड़छाड़ की गई है
हमने Hive Moderation और Hiya जैसे AI डिटेक्शन टूल्स पर वीडियो और इसके ऑडियो का परीक्षण किया. इन टूल्स ने वीडियो की आवाज के AI जनरेटेड होने की संभावना जताई.
यह भी पढ़ें -केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते सेना प्रमुख का यह वीडियो डीपफेक है


