सोशल मीडिया पर केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का एक डीपफेक वीडियो वायरल है. इसमें उन्हें भारत-चीन टकराव को मामूली मुद्दा बताते हुए सेना के जवानों पर बगावत करने और सरकार को बदनाम करने का आरोप लगाते दिखाया गया है. साथ ही इसमें उन्हें भारत-चीन तनाव के मुकाबले दोनों देशों के व्यापारिक संबंधों को ज्यादा तवज्जो देते हुए भी दिखाया गया है.
बूम ने पाया कि वीडियो में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से हेरफेर की गई है. AI डिटेक्शन टूल्स ने भी वीडियो की आवाज के AI जनरेटेड होने की पुष्टि की. मूल वीडियो में राजनाथ सिंह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा पीएम मोदी पर की गई टिप्पणी की आलोचना कर रहे हैं.
पिछले दिनों ITBP के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर के अरुणाचल प्रदेश में भारतीय और चीनी सैनिकों के आमने-सामने आने की बात कहने के बाद सोशल मीडिया पर चीनी घुसपैठ का दावा करते हुए कई वीडियो सामने आए.
सोशल मीडिया पर क्या है दावा?
फेसबुक पर इस वीडियो को शेयर करते हुए एक यूजर ने दावा किया, "केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कुछ सैनिक बगावत करके भाजपा सरकार को बदनाम करना चाहते हैं. जो कोई भी सच्चाई बतायेगा वह सरकार की तरफ से गलत कहलाएगा चाहे वह सैनिक हो या फिर स्टूडेंट."
फेक न्यूज फैलाने वाले हैंडल @ThokaReturns ने भी इस वीडियो को पोस्ट करते हुए राजनाथ सिंह के डीपफेक वीडियो को उनका असली बयान बताकर शेयर किया.
पड़ताल में क्या मिला:
राजनाथ सिंह का यह वीडियो डीपफेक है
वीडियो को गौर से देखने पर हमें इसमें कई भाषाई त्रुटियां मिलीं. मसलन इसमें राजनाथ सिंह थल सेना को 'थाल सेना' बोलते नजर आ रहे हैं.
पुष्टि के लिए हमने इसे Hive Moderation जैसे AI डिटेक्शन टूल पर चेक किया. Hive Moderation ने वीडियो की आवाज के AI जनरेटेड होने की संभावना 99.1 प्रतिशत बताई.
वहीं वॉयस डिटेक्शन टूल Hiya ने भी इसके ऑडियो को 3/100 तक का ऑथेंटिसिटी स्कोर दिया, जो वीडियो के डीपफेक होने की संभावना को दिखाता है.
मूल वीडियो में राजनाथ सिंह खरगे की आलोचना कर रहे हैं
ANI के आधिकारिक एक्स हैंडल पर 26 अक्टूबर 2026 को साझा किए गए मूल वीडियो में राजनाथ सिंह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की पीएम मोदी पर की गई टिप्पणी की निंदा करते नजर आते हैं. वह कहते हैं कि देश की सबसे पुरानी पार्टी होने का दावा करने वाली कांग्रेस के अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी के दिवंगत पिता के बारे में जो बातें कहीं, उससे उन्हें गहरा आघात पहुंचा है.
गौरतलब है कि 25 अक्टूबर 2026 को पटना में एक कार्यक्रम के दौरान 'मोदी नहीं जाएगा' के जवाब में खरगे ने कहा था, 'मोदी का बाप भी जाएगा'. इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर उनकी खूब आलोचना हुई और बीजेपी ने कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन भी किया. पटना के कोतवाली थाने में उनके खिलाफ लिखित शिकायत भी दर्ज कराई गई है.
पीआईबी फैक्ट चेक ने भी राजनाथ सिंह के इस वीडियो का खंडन करते हुए इसे डीपफेक बताया और कहा कि उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है.


