नशे में धुत दिख रहे पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का डीपफेक वीडियो वायरल
बूम ने पाया कि वायरल वीडियो फेस स्वैप तकनीक की मदद से बनाया गया है. 2017 के मूल वीडियो में भगवंत मान नहीं, बल्कि कोई दूसरा व्यक्ति है.

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का एक डीपफेक वीडियो जिसमें उन्हें नशे में अजीब तरीके से व्यवहार करते हुए दिखाया गया है, सोशल मीडिया पर असली फुटेज के रूप में साझा किया जा रहा है.
बूम ने पाया कि वायरल वीडियो में AI की मदद से हेरफेर किया गया है. फेस स्वैप तकनीक का इस्तेमाल करके पुराने वीडियो में मौजूद व्यक्ति का चेहरा भगवंत मान के चेहरे से बदल दिया गया है. मूल वीडियो मई 2017 का है, जिसमें एक अन्य व्यक्ति को वही इशारे करते हुए देखा जा सकता है.
सोशल मीडिया पर क्या है दावा?
एक्स और फेसबुक जैसे माध्यमों पर भगवंत मान के इस वीडियो को शेयर करते हुए पंजाब सरकार पर निशाना साधा गया और लिखा गया, 'बेवड़ा मुख्यमंत्री, भगवंत सिंह मान. देखो और सोचो जरा क्या हाल होगा पंजाब का? अगर भाजपा का कोई मुख्यमंत्री ऐसा करता तो विरोधी आसमान सर पर उठा लेते.'
कई पोस्ट के इंग्लिश कैप्शन में भी यही दावा किया गया कि भगवंत मान नशे में अजीब हरकतें करते और अजीब आवाजें निकालते नजर आ रहे हैं.
आर्काइव लिंक यहां, यहां और यहां देखें.
हमने क्या पाया:
1) मूल वीडियो मई 2017 का है
वायरल पोस्ट के रिप्लाई से मिले संकेतों के आधार पर हमने पाया कि मूल वीडियो 26 मई 2017 को @Jalandharsadda के फेसबुक पेज पर पोस्ट किया गया था.
मूल वीडियो में एक अन्य शख्स को उसी स्थिति में बैठे हुए दिखाया गया है जैसे कि भगवंत मान वायरल वीडियो में दिखाई देते हैं. इस वीडियो में बैकग्राउंड में मौजूद लोग भी वायरल वीडियो से अलग हैं और स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं, जबकि वायरल वीडियो में वे काफी धुंधले नजर आते हैं.
2) एआई डिटेक्शन टूल ने क्या बताया?
हमने Hive Moderation और Meta AI के डिटेक्शन टूल्स का उपयोग करके भी वायरल वीडियो का विश्लेषण किया.
Hive Moderation ने वीडियो के AI जनित होने की संभावना 68.6 प्रतिशत जताई. वहीं Meta AI ने भी वीडियो में AI सिग्नेचर एम्बेड होने की पुष्टि की.
3) शराब के सेवन को लेकर भगवंत मान से जुड़े पिछले विवाद
पिछले कुछ सालों में सोशल मीडिया पर भगवंत मान को नशे में दिखाने वाले कई वीडियो सामने आए हैं, जिसकी वजह से विपक्षियों द्वारा उनकी आलोचना की जाती रही है. जनवरी 2019 में भगवंत मान ने सार्वजनिक रूप से शराब छोड़ने का ऐलान किया था. बरनाला में एक रैली के दौरान उन्होंने कहा था कि अपनी मां के कहने पर उन्होंने एक जनवरी 2019 से शराब पीना छोड़ दिया है.





