दीपू दास की हत्या के खिलाफ प्रदर्शन करतीं इन्फ्लुएंसर का वीडियो भ्रामक दावे से वायरल
बूम ने पाया कि पश्चिम बंगाल में स्थानीय मुस्लिमों द्वारा बांग्लादेश के खिलाफ प्रदर्शन के दावे से वायरल यह वीडियो दिसंबर 2025 का है. तब मुंबई की रहने वाली इन्फ्लुएंसर शबनम शेख ने दीपू दास की हत्या के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था.

सोशल मीडिया पर पश्चिम बंगाल में स्थानीय मुस्लिमों द्वारा बांग्लादेशी मुस्लिमों के खिलाफ प्रदर्शन के दावे से एक वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में बुर्का पहने एक महिला अन्य लोगों के साथ बांग्लादेशी झंडे का प्रिंटआउट और मोहम्मद यूनुस का पोस्टर जलाती नजर आ रही है.
बूम ने पाया कि वीडियो हाल का नहीं बल्कि दिसंबर 2025 का है. तब मुंबई की रहने वाली इन्फ्लुएंसर शबनम शेख ने बांग्लादेश में हुई दीपू दास की हत्या के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
एक्स जैसे माध्यमों पर इस वीडियो हालिया बताते हुए यूजर दावा कर रहे हैं कि "पश्चिम बंगाल में बीजेपी के आने के बाद स्थानीय मुस्लिम समुदाय के लोग बांग्लादेशी मुस्लिमों के विरुद्ध सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं." आर्काइव लिंक यहां और यहां देखें.
पड़ताल में क्या मिला:
वीडियो हाल का नहीं दिसंबर 2025 का है
रिवर्स इमेज सर्च की मदद से हमें फेसबुक पर जनवरी 2026 में पोस्ट किया गया यह वीडियो मिला, जिसके कैप्शन में बांग्लादेशी यूजर ने इसे बांग्लादेश का अपमान बताया था और बुर्का पहने महिला की पहचान कंटेंट क्रिएटर शबनम शेख के रूप में की थी.
संबंधित कीवर्ड सर्च करने पर हमें फेसबुक पर 21 दिसंबर 2025 का भी एक पोस्ट मिला, जिसमें वीडियो शेयर करते हुए दावा किया गया कि यह महिला महाराष्ट्र की शबनम शेख हैं, जो बांग्लादेश का झंडा और तत्कालीन कार्यवाहक प्रधानमंत्री मोहम्मद यूनुस की तस्वीर जलाते हुए भारत माता की जय के नारे लगा रही हैं. बता दें कि फरवरी 2026 में बांग्लादेश में आम चुनाव हुए थे, जिसके बाद बीएनपी नेता तारिक रहमान देश के प्रधानमंत्री बने.
बांग्लादेश में दीपू दास की हत्या का किया था विरोध
Daily International Updates नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस प्रदर्शन से जुड़े कई वीडियो मौजूद हैं. यहां और यहां देखे. इनके कैप्शन में बताया गया था कि बांग्लादेश में एक हिंदू व्यक्ति को जिंदा जलाए जाने की घटना को लेकर शबनम शेख ने इंस्टाग्राम पर खुलकर विरोध जताया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.
एक अन्य इंस्टाग्राम पोस्ट में वीडियो का लंबा वर्जन भी मौजूद है, जिसमें शबनम लोगों को संबोधित करती हुई बताती हैं कि यहां मौजूद लोगों में हिंदू, सिख और ईसाई सभी समुदायों के लोग शामिल हैं.
इसके बाद वह बांग्लादेश में पीएम मोदी और तिरंगे के कथित अपमान की निंदा करते हुए कहती हैं कि वह मानवता के लिए एकजुट होकर विरोध दर्ज कराने आई हैं. इसी दौरान वह बांग्लादेश में ईशनिंदा के झूठे आरोप में एक हिंदू व्यक्ति की निर्मम हत्या किए जाने का जिक्र करती नजर आती हैं.
गौरतलब है कि बांग्लादेश के मयमनसिंह में 25 वर्षीय दीपू दास की 18 दिसंबर 2025 को ईशनिंदा के आरोप में भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी.
हमने पाया कि शबनम शेख साल 2024 में राम मंदिर के उद्घाटन के दौरान काफी चर्चा में आई थीं. मुंबई की रहने वाली 20 वर्षीय शबनम तब पैदल यात्रा कर अयोध्या राम मंदिर के दर्शन के लिए पहुंची थीं.



