'दीदी' गाना गाकर TMC की हार का जश्न मनाने के दावे से उषा उत्थुप का पुराना वीडियो वायरल
बूम ने पाया कि सिंगर उषा उत्थुप का यह वीडियो करीब चार साल पुराना है. उषा उत्थुप ने भी अपने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दावे का खंडन किया है.

बंगाल चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार को सेलिब्रेट करने के दावे से सिंगर उषा उत्थुप का एक वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में उषा उत्थुप बंगाली गाना 'दीदी गो' प्रस्तुत करती नजर आ रही हैं.
बूम ने पाया कि उषा उत्थुप का यह वीडियो करीब चार साल पुराना है. उषा उत्थुप ने भी दावे का खंडन करते हुए कहा कि वायरल पोस्ट में कही गई बातें गलत और भ्रामक हैं. यह बांग्ला गाना उनके हिट गानों में शुमार है, जिसकी प्रस्तुति वह सालों से करती आ रही हैं.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
एक्स और फेसबुक जैसे माध्यमों पर यूजर लिख रहे हैं कि टीएमसी की वसूली से परेशान होकर मुंबई शिफ्ट होने पर मजबूर उषा उत्थुप अब कोलकाता लौट आई हैं और दीदी (ममता बनर्जी) के जाने को अपने अंदाज में सेलिब्रेट कर रही हैं. आर्काइव लिंक यहां और यहां देखें.
पड़ताल में क्या मिला:
वीडियो साल 2022 का है
वीडियो में Creatvie Video नाम के चैनल का लोगो मौजूद है. यहां से हिंट लेकर हम इसके यूट्यूब चैनल पर पहुंचे, जहां 22 अक्टूबर 2022 का अपलोड किया गया मूल वीडियो मिला. मूल वीडियो के एक दृश्य में पीछे स्क्रीन पर 31 जुलाई 2022 की तारीख भी मेंशन है. इससे साफ है कि यह वीडियो हाल का नहीं है और इसका पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजों से कोई संबंध नहीं है.
उषा उत्थुप ने किया वायरल दावे का खंडन
उषा उत्थुप के इंस्टाग्राम अकाउंट पर वायरल वीडियो का खंडन करते हुए बताया गया कि वायरल दावा फर्जी है. उन्होंने यह गाना करीब 25 साल पहले गाया था, जो बांग्ला में उनका सबसे हिट गाना रहा है. यह एक पुराना वीडियो है, जिसमें उनके गले में कोविड मास्क भी देखा जा सकता है. खंडन में स्पष्ट किया गया कि उन्होंने कभी कोलकाता नहीं छोड़ा और वह पिछले 57 वर्षों से वहीं रह रही हैं.
उषा उत्थुप द्वारा जारी एक अन्य खंडन में कहा गया कि एक्स, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर वायरल पोस्ट में कही गई बातें गलत और भ्रामक हैं.
यह एक बंगाली गीत है, जो कई साल पहले अरबी धुन से प्रेरित होकर बनाया गया था. वह दो दशकों से भी अधिक समय से इसकी प्रस्तुति कर रही हैं. उन्होंने लिखा "मैं स्पष्ट करना चाहती हूं कि मैं 1976 से कोलकाता में रह रही हूं और तब से मैंने कोलकाता नहीं छोड़ा. वायरल पोस्ट में कही गई बातें मेरी नहीं है. मैं उनकी कोई जिम्मेदारी नहीं लेती हूं."



