फैक्ट चेक: असम में आई बाढ़ से जोड़कर AI जनरेटेड और असंबंधित वीडियो हो रहे वायरल
बूम ने पाया वायरल हो रहा एक वीडियो AI की मदद से क्रिएट किया गया है, वहीं दूसरा वीडियो Simran SK नाम की एक क्रिएटर द्वारा बनाया गया नाटकीय वीडियो है.

सोशल मीडिया पर असम में आई बाढ़ से जोड़कर कुछ असंबंधित और एआई जनरेटेड वीडियो इस दावे के साथ वायरल किए जा रहे हैं कि ये बाढ़ के भयावह मंजर को दिखा रहे हैं.
हालांकि बूम ने पाया कि इनमें से एक वीडियो एआई द्वारा निर्मित है. वहीं एक वीडियो Simran SK नाम की एक रील क्रिएटर द्वारा बनाया गया नाटकीय वीडियो है. ये वीडियो बाढ़ के वास्तविक मंजर को नहीं दिखाते.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
क्लेम एक
वायरल हो रहे इस वीडियो में भीषण जलभराव के बीच लोग अपने घरों की छतों पर बैठे दिखाई दे रहे हैं. एक फेसबुक यूजर ने इसे शेयर करते हुए NDA सरकार पर निशाना साधा और लिखा, "असम बाढ़ के कहर ने 60 साल का रिकॉर्ड तोड़ा है. आशा है डबल_इंजन_की_सरकार ठीक काम करेगी. कांग्रेस के साथियों से उम्मीद है कि वो मुसीबत की इस घड़ी में पीड़ितों के साथ खड़े होंगे."
क्लेम दो
दूसरे वीडियो में पानी के बहाव के बीच कई महिलाएं अचेत अवस्था में नजर आ रही हैं. इस वीडियो को गुवाहाटी का बताते हुए दावा किया गया कि "असम के गुवाहाटी में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बाद बाढ़ ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है..."
पड़ताल में क्या मिला:
वीडियो एक
वीडियो के फ्रेम्स को बारीकी से देखने पर ऐसी कई विसंगतियां सामने आती हैं, जो अमूमन AI जनरेटेड कंटेंट में पाई जाती हैं. उदाहरण के तौर पर पानी का बहाव स्वाभाविक नहीं दिखता, उसमें तैरती बतखें काल्पनिक प्रतीत होती हैं और सभी घर एक समान तरीके से पानी में डूबे नजर आते हैं. एक दृश्य में एक घर अचानक पानी में समा जाता है, जिसकी पूरी प्रक्रिया बनावटी और अप्राकृतिक लगती है.
यह वीडियो AI जनरेटेड है
पुष्टि के लिए हमने Hive Moderation जैसे AI डिटेक्शन टूल पर इस वीडियो का परीक्षण किया. Hive Moderation ने 98.8 प्रतिशत स्कोर के साथ इसके एआई जनरेटेड होने की संभावना बताई.
वीडियो दो
रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें Simran SK के इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट पर 3 जुलाई 2026 का अपलोड किया गया मूल वीडियो मिला. यहां वीडियो को फनी (हंसी वाली)) इमोजी के साथ शेयर किया गया था.
हमने पाया कि इस अकाउंट पर कॉमेडी कंटेंट के तौर पर नियमित रूप से इस तरह के नाटकीय वीडियो पोस्ट किए गए हैं. Simran SK ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल में खुद को एक 'डिजिटल क्रिएटर' बताया है.
असम बाढ़ में अबतक 68 लोगों की मौत
वायरल हो रहे वीडियो भले ही असंबंधित हो, लेकिन पूर्वोत्तर का राज्य असम इन दिनों भीषण बाढ़ की चपेट में है. लगातार हो रही बारिश और ऊपरी इलाकों में बादल फटने की घटनाओं के चलते 18-19 जुलाई के बाद हालात और गंभीर हो गए हैं. अधिकारियों के अनुसार राज्य के पांच जिलों में अब भी 5 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं. वहीं इस साल बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 68 हो गई है.


