ऑस्ट्रेलियाई डांसर्स की तस्वीर शेयर कर गलत तरीके से किया गया सोनिया गांधी की ओर इशारा
बूम ने जांच में पाया कि वायरल तस्वीर में AI की मदद से हेरफेर की गई है. मूल तस्वीर 1967 की है, जिसमें गो-गो डांसर्स परफॉर्म करती नजर आ रही हैं.

सोनिया गांधी की ऑटोबायोग्राफी 'बिलॉन्गिंग' को लेकर चल रहे विवाद के बीच सोशल मीडिया पर उन्हें बार डांसर बताने वाली नैरेटिव के साथ एक तस्वीर वायरल हो रही है. तस्वीर में तीन महिलाएं एक मेज पर परफॉर्म करती नजर आ रही हैं.
इसके साथ अप्रत्यक्ष तौर पर दावा किया जा रहा है कि इनमें बीच में परफॉर्म कर रही महिला युवावस्था की सोनिया गांधी हैं.
बूम ने पाया कि वायरल तस्वीर में एआई की मदद से छेड़छाड़ की गई है. मूल तस्वीर नवंबर 1967 की है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया के ऑबर्न स्थित एक होटल में गो-गो डांसर्स परफॉर्म करती नजर आ रही हैं.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
एक्स पर कई दक्षिणपंथी यूजर्स ने इसे शेयर करते हुए सोनिया गांधी की तरफ इशारा किया और लिखा, 'कांग्रेसी इन्हें पहचान लेंगे. यह राजमाता की विरासत है..'
पड़ताल में क्या मिला:
तस्वीर पर मौजूद है Gemini का वॉटरमार्क
हमने पाया कि वायरल हो रही तस्वीर पर Google के AI टूल Gemini का वॉटरमार्क है, जिससे संकेत मिलता है कि वायरल तस्वीर में एआई की मदद से छेड़छाड़ की है.
पुष्टि के लिए हमने इसे गूगल के AI डिटेक्शन टूल SynthID पर चेक किया. इस दौरान पता चला कि इस इमेज का कुछ हिस्सा Google AI से एडिट किया गया है.
तस्वीर आस्ट्रेलिया के गो-गो डांसर्स की है
रिवर्स इमेज सर्च की मदद से हमें Getty Images की वेबसाइट पर मूल तस्वीर मिली. इसके कैप्शन के अनुसार तस्वीर 21 नवंबर 1967 की है, जिसमें ऑबर्न के रॉसन होटल में गो-गो डांसिंग गर्ल्स बियर की कमी दूर करने के लिए परफॉर्म कर रही हैं.
संबंधित कीवर्ड सर्च करने पर हमें एक फेसबुक पोस्ट मिला, जिसमें बताया गया कि सिडनी में 2,000 से अधिक ब्रूअरी वर्कर्स की हड़ताल की वजह से "ड्राफ्ट बीयर ड्राउट" की स्थिति पैदा हो गई थी. 14 दिनों तक चली बातचीत के बाद जब वर्कर्स ने काम पर लौटने के पक्ष में वोट किया, तो गो-गो डांसर्स के एक ग्रुप ने ऑबर्न के रॉसन होटल में लोगों के सामने परफॉर्म किया था. सिडनी में 1967 में पैदा हुई इस स्थिति से संबंधित कई आर्टिकल देख सकते हैं.
वायरल तस्वीर में मौजूद डांसर और युवा सोनिया गांधी के बीच तुलना देखी जा सकती है, जिसमें स्पष्ट है कि दोनों के चेहरे आपस में मेल नहीं खाते.


