अस्पताल में PM मोदी और सोनिया गांधी की मुलाकात की AI जनरेटेड तस्वीर वायरल
कई AI डिटेक्शन टूल्स ने संकेत दिया कि यह तस्वीर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से बनाई गई है.

सोशल मीडिया पर अस्पताल में भर्ती वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात की एक तस्वीर वायरल हो रही हो है. तस्वीर में सोनिया गांधी अस्पताल के बेड पर लेटी नजर आ रही हैं.
यूजर इस तस्वीर को वास्तविक बताते हुए दावा कर रहे है पीएम मोदी ने अस्पताल में भर्ती सोनिया गांधी से मुलाकात की. तस्वीर में प्रियंका गांधी और राहुल गांधी भी उनके बिस्तर के पास खड़े दिखाई दे रहे हैं. पीछे की तरफ लगी घड़ी में तारीख 30 मार्च 2026 दर्ज नजर आ रही है.
पड़ताल के दौरान कई AI डिटेक्शन टूल्स के नतीजों ने संकेत दिया कि यह तस्वीर असली नहीं है बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग करके बनाई गई है.
यह फोटो हालिया खबरों के संदर्भ में साझा की जा रही है जिनमें कहा गया था कि सोनिया गांधी को बुखार के चलते सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था और इलाज के बाद उन्हें 31 मार्च को छुट्टी दी गई थी.
सोशल मीडिया पर क्या है दावा?
इस तस्वीर को पोस्ट करते हुए अंग्रेजी कैप्शन में लिखा गया, "राजनीतिक जीवन अलग है, व्यक्तिगत जीवन अलग है. माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का सोनिया गांधी से उनकी खराब सेहत के मद्देनजर मिलने जाना, राजनीति से परे सच्ची राजनेतागिरी, गरिमा और करुणा को दर्शाता है, जो दुनिया के लिए एक उदाहरण है." (आर्काइव लिंक)
एक्स पर एक अन्य यूजर ने इसके साथ हिंदी कैप्शन में लिखा, "मतभेद हो सकता है लेकिन मनभेद नहीं. लोकतंत्र की सबसे खूबसूरत तस्वीर." (आर्काइव लिंक)
बूम को यह तस्वीर अपने व्हाट्सएप टिपलाइन नंबर (7700906588) पर वेरीफाई करने के रिक्वेस्ट के साथ प्राप्त हुई.
पड़ताल में क्या मिला:
1. इस तस्वीर का कोई विश्वसनीय स्रोत नहीं है
हमने तस्वीर के मूल स्रोत की खोज की लेकिन कोई विश्वसनीय स्रोत नहीं मिला. हमने पाया कि फोटो के नीचे दाईं ओर "माही हेमराम" का वॉटरमार्क है.
इसी जानकारी के आधार पर हमने कीवर्ड सर्च किया और पाया कि एक फेसबुक पेज पर उसी वॉटरमार्क वाली तस्वीरें पोस्ट की गई थीं. यह रिपोर्ट लिखते समय वायरल तस्वीर उस पेज पर नहीं मिली लेकिन वहां कई भारतीय राजनेताओं की ऐसी नकली तस्वीरें अपलोड की गई थीं.
इस फेसबुक पेज के बायो में वर्क रोल सेक्शन में "AI Promptician Alchemy Senior Graphic Designer" लिखा देखा जा सकता है.
2. एआई डिटेक्शन टूल्स से परिणाम
हमने HiveModeration और Truth Scan जैसे एआई डिटेक्शन टूल्स का उपयोग करके इस तस्वीर का परीक्षण किया. इनके विश्लेषण से पता चला कि तस्वीर में AI जनरेटेड तत्व मौजूद हैं.
क्या यह तस्वीर Google AI का उपयोग करके बनाई गई है, इसकी जांच के लिए हमने गूगल के AI डिटेक्शन टूल SynthID पर इसका परीक्षण किया. इसके विश्लेषण ने पुष्टि की कि यह तस्वीर Google AI के जरिए बनाई गई थी.


