बांग्लादेश में डांस परफॉर्म करती महिला का वीडियो सांसद सायोनी घोष का बताकर वायरल
बूम ने पाया कि मंच पर डांस करती महिला टीएमसी सांसद सायोनी घोष नहीं बल्कि बांग्लादेश की डांसर मेघा क्वीन हैं.

मंच पर डांस करती एक महिला का वीडियो तृणमूल सांसद सायोनी घोष का बताकर वायरल किया जा रहा है. बंगाल चुनाव के दौरान सायोनी घोष काफी चर्चा में रही थीं और अलग-अलग मंचों पर गाना गाते उनके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे.
बूम के फैक्ट चेक में पाया गया कि वायरल वीडियो में दिख रही महिला सायोनी घोष नहीं हैं. यह वीडियो बांग्लादेश में आयोजित बैसाखी मेले के दौरान का है, जिसमें डांस करती नजर आ रही महिला डांसर मेघा क्वीन हैं.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
एक्स जैसे प्लेटफॉर्म पर मंच पर नाचती इस महिला के वीडियो के शेयर करते हुए यूजर दावा कर रहे हैं कि ये सांसद सयोनी घोष हैं. (आर्काइव लिंक)
पड़ताल में क्या मिला:
वीडियो में दिख रही महिला एक बांग्लादेशी डांसर हैं
रिवर्स इमेज सर्च की मदद से हमें बांग्लादेशी यूजर रसेल खान के टिकटॉक, फेसबुक और यूट्यूब चैनल पर यह वीडियो मिला. इनमें डांस करती महिला की पहचान मेघा क्वीन के रूप में की गई थी.
रसेल खान के सोशल मीडिया हैंडल पर इस आयोजन के कई वीडियो मौजूद हैं, जिनमें यही महिला अलग-अलग गानों पर डांस करती नजर आती है. वीडियो यहां और यहां देखें.
एक वीडियो में महिला का चेहरा देखने पर स्पष्ट होता कि वह सायोनी घोष नहीं हैं. कई वीडियो में यूजर रसेल खान मंच से डांस रिकॉर्ड करते हुए अपना चेहरा भी दिखाते हैं. ऐसे ही एक वीडियो में पीछे पोस्टर पर बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की तस्वीर देखी जा सकती है. रसेल खान के अकाउंट पर मेघा क्वीन के दूसरे आयोजनों के डांस वीडियो भी मौजूद हैं, जिनमें कुछ में रसेल खुद उनके साथ परफॉर्म करते दिखाई देते हैं.
वीडियो बैसाखी के मौके पर आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का है
मेघा क्वीन के फेसबुक पेज पर भी 15 अप्रैल 2026 को पोस्ट किया गया इस आयोजन का एक वीडियो मौजूद है. वीडियो में पीछे लगे बैनर से स्पष्ट होता है कि यह बांग्लादेश के बोगुरा में आयोजित बैसाखी मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रम का है. बांग्लादेश में बंगाली नववर्ष की पूर्व संध्या पर 14 अप्रैल को बैसाखी मनाई गई थी.


