PM मोदी की रैली में गैस न मिलने की शिकायत के दावे से उनके हमशक्ल का वीडियो वायरल
बूम ने पाया कि वायरल वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी नहीं बल्कि उनके हमशक्ल सदानंद नायक हैं.

देश में ईंधन की कमी और एलपीजी संकट के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के दौरान एक व्यक्ति ने उनसे गैस न मिलने की शिकायत की.
वायरल वीडियो में एक शख्स कथित तौर पर पीएम मोदी के रोड शो के दौरान उनका सामना करते हुए कहता नजर आता है, "गैस नहीं मिल रहा है सर. क्या करेंगे हमलोग".
बूम ने जांच में पाया कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है. वीडियो में दिखाई दे रहे शख्स पीएम मोदी नहीं बल्कि उनके जैसे दिखने वाले सदानंद नायक हैं, जो अक्सर बीजेपी की रैलियों में नजर आते हैं.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
वायरल हो रही क्लिप करीब 9 सेकंड की है. इसमें पीएम मोदी के हुलिए वाला एक शख्स रोड शो के दौरान लोगों का अभिवादन करते हुए नजर आ रहा है. एक्स पर क्लिप को शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा, 'बीच रोड शो के दौरान जब युवक ने मोदी से मांंगी गैस. अंकल गैस नहीं मिल रहा..क्या करेंगे हम लोग. फिर क्या बोले मोदी!.' (आर्काइव लिंक)
कई अन्य यूजर ने भी इसके साथ इसी तरह का मिलता-जुलता दावा किया और लिखा, देश में हालात ऐसे हो गए हैं कि आम जनता रोड शो के बीच प्रधानमंत्री से गैस सिलेंडर मांग रही हैं. (आर्काइव लिंक)
पड़ताल में क्या मिला:
वीडियो में दिख रहे शख्स PM मोदी नहीं उनके हमशक्ल हैं
पड़ताल के दौरान हमें इंस्टाग्राम पर ऐसे कई पोस्ट मिले जिनमें वीडियो में दिख रहे शख्स को पीएम मोदी का हमशक्ल बताया गया था. यहां और यहां देखें. पोस्ट के मुताबिक वीडियो ओडिशा के राउरकेला का है, जहां एक रोड शो के दौरान PM मोदी के हमशक्ल से अचानक एक शख्स ने LPG की कमी को लेकर सवाल कर दिया.
वीडियो में आस-पास की दुकानों पर ओडिया भाषा में लिखे साइनबोर्ड भी दिखाई देते हैं. साथ ही क्लियर विजुअल में यह भी नजर आता है कि संबंधित शख्स का फेशियल स्ट्रक्चर पीएम मोदी से मेल नहीं खाता.
वीडियो ओडिशा के राउरकेला का है
Rourkela Times के फेसबुक पेज पर मोदी के हमशक्ल के रोड शो की तस्वीर मौजूद है. इसके कैप्शन के मुताबिक तस्वीर 28 मार्च 2026 की राउरकेला रामनवमी जुलूस के दौरान की है. यूट्यूब पर एक व्लॉग में भी इसके दृश्य देखे जा सकते हैं जहां बताया गया कि राउरकेला की रामनवमी रैली में डुप्लीकेट मोदी को देखकर लोग हैरान रह गए. इससे संबंधित अन्य स्थानीय वीडियो रिपोर्ट यहां और यहां देख सकते हैं.
आगे हमने इस दावे से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट की तलाश की लेकिन हमें ऐसी कोई विश्वसनीय खबर नहीं मिली जिसमें बताया गया हो कि मोदी हाल के दिनों में राउरकेला दौरे पर गए हों. पीआईबी की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी ने आखिरी बार 27 सितंबर 2025 को ओडिशा का दौरा किया था. स्पष्ट है कि ईरान-इजरायल संघर्ष से गहराए एलपीजी संकट के बीच पीएम मोदी ने ओडिशा का कोई दौरा नहीं किया.
इसके अलावा पीआईबी की फैक्ट चेक इकाई ने भी इस वीडियो का खंडन करते हुए बताया कि यह वीडियो पीएम मोदी का नहीं बल्कि उनके हमशक्ल का है.
कौन हैं PM मोदी के हमशक्ल?
आगे ओडिया भाषा में संबंधित कीवर्ड सर्च करने पर 28 मार्च की इसी जुलूस से जुड़ी एक वीडियो रिपोर्ट मिलीं, जिसमें पीएम मोदी के हमशक्ल को यह बोलते हुए सुना जा सकता है कि वह कर्नाटक के उडुपी से आए हैं और उसका नाम सदानंद नायक है.
हमने हमशक्ल सदानंद नायक से जुड़ी खबरों की भी तलाश की तो पाया कि वह अक्सर पीएम मोदी की रैलियों और प्रचार कार्यक्रमों में नजर आते हैं. एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के मुताबिक सितंबर 2025 में ओडिशा के झारसुगुड़ा में आयोजित पीएम मोदी की सभा में उन्होंने तय समय से पहले पहुंचकर लोगों को चौंका दिया था. सितंबर 2025 में एक स्थानीय न्यूज चैनल को दिए गए बयान में भी यह हमशक्ल खुद को सदानंद नायक बताते हुए नजर आते हैं.



