बीजेपी ने पंजाब के स्कूलों की बदहाल स्थिति का पुराना वीडियो हाल का बताकर शेयर किया
बूम ने पाया कि पंजाब बीजेपी द्वारा आम आदमी पार्टी सरकार पर सवाल उठाते हुए शेयर किया गया वीडियो असल में 2018 का है. उस समय पंजाब में कांग्रेस की सरकार थी.

पंजाब में अगले साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं. इसी बीच पंजाब बीजेपी और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें एक शख्स पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के जल्ला स्थित सरकारी स्कूल में छात्राओं के लिए बने शौचालयों की खराब स्थिति दिखाता नजर आ रहा है.
बीजेपी ने वीडियो को शेयर करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए और दावा किया कि शौचालयों की यह स्थिति आम आदमी पार्टी के एजुकेशन मॉडल की खामियों को उजागर करती है.
बूम ने जांच में पाया कि वायरल हो रहा वीडियो साल 2018 का है. 2018 में पंजाब में कांग्रेस की सरकार थी और कैप्टन अमरिंदर सिंह मुख्यमंत्री थे.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
पंजाब बीजेपी ने वीडियो को शेयर करते हुए इसके पंजाबी कैप्शन में मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधा और लिखा, "छात्राओं के लिए बने शौचालयों की दयनीय स्थिति आम आदमी पार्टी के शिक्षा मॉडल की खामियों को उजागर कर रही है."
बीजेपी राज्यसभा सांसद और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह, बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी और बीजेपी चंडीगढ़ समेत अन्य यूजर्स ने भी वीडियो को इसी दावे से शेयर किया है.
पड़ताल में क्या मिला:
वीडियो साल 2018 का है
संबंधित कीवर्ड सर्च करने पर हमें Daas Harjit Singh नाम के यूट्यूब चैनल पर मूल वीडियो मिला. यहां यह वीडियो 6 अगस्त 2018 को अपलोड किया गया था, जो बताता है कि वीडियो हाल का नहीं है.
इसके साथ दी गई जानकारी के मुताबिक वीडियो फतेहगढ़ साहिब जिले के जल्ला गांव स्थित सरकारी स्कूल का है, जिसमें छात्राओं को टॉयलेट की सुविधा न होने के कारण आने वाली दिक्कतों के बारे में बताया गया है. साथ ही जानकारी में यह भी बताया गया कि यह वीडियो 'सर्व ह्यूमैनिटी सर्व गॉड' (सरबत दा भला) चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा बनाया गया था.
तब पंजाब में कांग्रेस की सरकार थी
हमने पाया कि साल 2018 में पंजाब में कांग्रेस की सरकार थी और कैप्टन अमरिंदर सिंह तत्कालीन मुख्यमंत्री थे. वहीं आम आदमी पार्टी की सरकार 2022 में आई और भगवंत मान मुख्यमंत्री बने. बता दें कि कैप्टन अमरिंदर सिंह वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी में हैं. उन्होंने सितंबर 2022 में बीजेपी का दामन थामा था.
शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने किया स्कूल का दौरा
पंजाब सरकार में शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बीजेपी के इस दावे का खंडन करते हुए एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्हें उसी स्कूल का दौरा करते हुए दिखाया गया.
दौरे के वीडियो में क्लासरूम में स्मार्ट बोर्ड, कंप्यूटर लैब, साफ-सुथरे शौचालय और छात्राओं के लिए बने टॉयलेट में सैनिटरी पैड मशीन की व्यवस्था दिखाई दे रही है. हरजोत सिंह बैंस ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी बीजेपी के इस दावे का खंडन किया है.


