पीएम मोदी, खरगे और प्रियंका गांधी की मुलाकात के पुराने वीडियो पर मीडिया ने चलाई गलत खबर
बूम ने पाया कि वायरल वीडियो 10 अगस्त 2026 को आयोजित सुप्रिया सुले की बेटी के वेडिंग रिसेप्शन का नहीं बल्कि 2025 में आयोजित शिवराज सिंह चौहान के बेटों की रिसेप्शन पार्टी का है.

दिल्ली में 10 अगस्त को एनसीपी (शरद गुट) की सांसद सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले की रिसेप्शन पार्टी आयोजित हुई थी. इस समारोह में पीएम मोदी, अमित शाह, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी समेत कई नेता शामिल हुए थे. अब इसी समारोह से जोड़कर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें पीएम मोदी को मल्लिकार्जुन खरगे और प्रियंका गांधी का हाल-चाल पूछते देखा जा सकता है.
बूम ने पाया कि वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है. यह वीडियो मार्च 2025 में आयोजित भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान के बेटों की शादी के रिसेप्शन का है, जिसे भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है.
वायरल दावा क्या है?
डीडी न्यूज, टाइम्स ऑफ इंडिया, मोजो स्टोरी, दैनिक भास्कर, टाइम्स नाउ, एनडीटीवी समेत कई मीडिया आउटलेट ने इस वीडियो को हालिया बताते हुए दावा किया कि यह सुप्रिया सुले की बेटी की वेडिंग रिसेप्शन का है, जहां पीएम मोदी प्रियंका गांधी से उनका हाल-चाल पूछते नजर आए.
वहीं इंडिया टुडे और दैनिक जागरण जैसे आउटलेट ने भी वीडियो को इसी दावे से प्रकाशित किया था, हालांकि बाद में उन्होंने अपनी रिपोर्ट को अपडेट कर लिया.
बीजेपी के अमित मालवीय ने भी डीडी न्यूज वाले वीडियो को शेयर किया. इसमें एंकर सुधीर चौधरी कांग्रेस द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली भाषा को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी की भाषा की सराहना कर रहे हैं, जहां वह प्रियंका गांधी से "कैसी हैं आप" पूछते नजर आए थे. अमित मालवीय और सुधीर चौधरी ने इसके साथ दावा किया कि मोदी और प्रियंका गांधी की यह बातचीत सुप्रिया सुले की बेटी की रिसेप्शन पार्टी में हुई.
पड़ताल में क्या मिला:
वायरल वीडियो 2025 का है
रिवर्स इमेज सर्च की मदद से हमें इंस्टाग्राम और फेसबुक पर 27-28 मई 2026 के कई पोस्ट में यह वीडियो मिला, जो बताता है कि वीडियो 10 अगस्त को हुई रिसेप्शन पार्टी से पहले का है. हालांकि इन पोस्ट में आयोजन को लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई थी.
पड़ताल के दौरान हमें 17 सितंबर 2025 के एक अन्य इंस्टाग्राम पोस्ट में भी यह वीडियो मिला, जिसमें पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी गई थी. हमने पाया कि इसी इंस्टाग्राम अकाउंट पर 19 मार्च 2025 को भी एक वीडियो पोस्ट किया गया था, जिसमें वीडियो का यह हिस्सा मौजूद था. इसके कैप्शन में इसे तत्कालीन कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटों कार्तिकेय और कुणाल के 'आशीर्वाद समारोह' का बताया गया.
शिवराज सिंह चौहान के बेटों की रिसेप्शन पार्टी में हुई थी मुलाकात
उस समय की मीडिया रिपोर्ट की तलाश करने पर हमने पाया कि असल में यह वीडियो 18 मार्च 2025 को राजधानी दिल्ली में आयोजित शिवराज सिंह चौहान के बेटों की रिसेप्शन पार्टी का है, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम मोदी, मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी समेत कई दिग्गज नेताओं ने हिस्सा लिया था.
वायरल वीडियो में शिवराज चौहान को भी देखा जा सकता है. शिवराज सिंह चौहान के बेटों की रिसेप्शन पार्टी की तस्वीरों में पीएम मोदी वायरल वीडियो में पहने गए कपड़ों में नजर आ रहे हैं. वहीं सुप्रिया सुले की बेटी की रिसेप्शन पार्टी में पीएम मोदी ने वीडियो में दिख रहे कपड़ों से अलग कपड़े पहने हैं.


