PSG की जीत के बाद पेरिस में भड़की हिंसा से जोड़कर पुराना वीडियो हुआ वायरल
बूम ने पाया कि वायरल वीडियो साल 2022 का है, तब पेरिस की सड़कों पर कुर्दिश कल्चरल सेंटर के पास हुई गोलीबारी के विरोध में प्रदर्शन हुआ था.

सोशल मीडिया पर पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) की जीत के बाद फ्रांस की राजधानी पेरिस में भड़की हिंसा से जोड़कर एक पुराना वीडियो खूब वायरल हो रहा है. बूम ने पाया कि प्रदर्शन का यह वीडियो साल 2022 का है. तब पेरिस में कुर्दिश कल्चरल सेंटर के पास हुई गोलीबारी के विरोध में व्यापक प्रदर्शन हुआ था.
गौरतलब है कि 30 मई को बुडापेस्ट में खेले गए फुटबॉल चैंपियंस लीग के फाइनल में PSG की जीत के बाद पेरिस में जश्न के दौरान कई इलाकों में हिंसा भड़क गई. हिंसा में 219 लोगों के घायल होने और एक व्यक्ति की मौत की खबर सामने आई है. इस मामले में फ्रांसीसी पुलिस ने 780 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
एक्स और फेसबुक पर आगजनी और तोड़फोड़ के इस वीडियो को शेयर करते हुए यूजर इसे पेरिस में हुई हालिया हिंसा से जोड़ रहे हैं और लिख रहे हैं कि 'यह कल का पेरिस का नजारा है. उस शहर को नर्क बना दिया गया जिसे दुनिया का सबसे रोमांटिक शहर कहा जाता था....' आर्काइव लिंक यहां और यहां देखें.
पड़ताल में क्या मिला:
वीडियो साल 2022 का है
रिवर्स इमेज सर्च की मदद से हमें Brut के रिपोर्टर @RemyBuisine के एक्स हैंडल पर 24 दिसंबर 2022 का पोस्ट किया गया यह वीडियो मिला. इससे साफ था कि वीडियो हाल का नहीं है. पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने इसे पेरिस में जारी तत्कालीन हिंसा का बताया था.
कुर्द समुदाय के लोगों ने किया था प्रदर्शन
Brut ने 25 दिसंबर 2022 को अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें वायरल वीडियो वाले दृश्य मौजूद थे. पोस्ट के फ्रेंच कैप्शन में बताया गया था कि कुर्दिश कल्चरल सेंटर के बाहर हुए हमले के अगले दिन पेरिस में ये हिंसक झड़प हुई थी. Brut के लिए इस वीडियो की रिपोर्टिंग Remy Buisine ने ही की थी.
खबरों के मुताबिक पेरिस में एक बंदूकधारी द्वारा 23 दिसंबर 2022 को की गई कुर्द समुदाय के तीन लोगों की हत्या के बाद नाराज प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई. झड़प में 31 पुलिसकर्मी घायल हो गए जबकि एक प्रदर्शनकारी को भी गोली लगी थी. मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया था.
उस दौरान की कई मीडिया रिपोर्ट में वायरल वीडियो की दूसरी क्लिप भी देखी जा सकती है.


