मुंबई में बांग्लादेशी झंडे के साथ हुआ विरोध प्रदर्शन? नहीं, वीडियो विज्ञापन शूट का है
बूम ने स्थानीय लोगों और पुलिस से बात की, जिन्होंने पुष्टि की कि वायरल वीडियो महाराष्ट्र के विरार में एक विज्ञापन शूट का है.

महाराष्ट्र के विरार में एक विज्ञापन शूट के दौरान बांग्लादेश का राष्ट्रीय झंडा लहराते लोगों का वीडियो इस झूठे दावे के साथ शेयर किया जा रहा है कि इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में शामिल अवैध बांग्लादेशियों को दिखाया गया है.
कई यूजर्स ने दावा किया कि विरार में विपक्ष SIR और चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान बांग्लादेशी झंडा लेकर पहुंचा था.
बूम ने पाया कि वीडियो महाराष्ट्र के विरार स्थित बोलिंज में एक बाइक विज्ञापन शूट के दौरान का है. विरार पुलिस और स्थानीय लोगों ने भी बूम से इसकी पुष्टि की.
असल में इस वीडियो को गलत तरीके से 2 अक्टूबर 2026 को मुंबई में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन से जोड़ा जा रहा है, जिसमें ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई थी.
सोशल मीडिया पर क्या है दावा?
वीडियो को एक्स पर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के पक्ष में तर्क देने के लिए साझा किया गया और दावा किया गया कि मुंबई में ये झंडा लहराते लोग अवैध बांग्लादेशी हैं. (आर्काइव लिंक)
इसे फेसबुक पर शेयर करते हुए हिंदी कैप्शन में कहा गया कि मुंबई के विरार में विपक्ष द्वारा बंगलादेशी झंडे के साथ चुनाव आयोग का विरोध किया जा रहा है. (आर्काइव लिंक)
हमने क्या पाया:
1) वीडियो विरार में एक बाइक के एड शूट का है
बूम को मराठी कीवर्ड की मदद से घटना से संबंधित कई स्थानीय न्यूज रिपोर्ट मिलीं. एबीपी माझा की रिपोर्ट के अनुसार, यह वीडियो महाराष्ट्र के पालघर जिले के उपनगर विरार में एक विज्ञापन की शूटिंग के दौरान रिकॉर्ड किया गया था, जिसमें भाग लेने वाले लोग बांग्लादेशी झंडे लिए हुए थे. रिपोर्ट के मुताबिक वीडियो वायरल होने के बाद कुछ स्थानीय लोगों ने प्रोडक्शन टीम द्वारा इस्तेमाल किए गए बांग्लादेशी झंडों को जला दिया था.
2) विरार पुलिस ने पुष्टि की कि यह एक विज्ञापन शूट था
बूम ने वायरल वीडियो को लेकर विरार के बोलिंज पुलिस से संपर्क किया, जिन्होंने पुष्टि की कि यह एक विज्ञापन शूट का वीडियो है. बोलिंज पुलिस के एक अधिकारी ने बूम से बताया, "यह 3 अक्टूबर को एक बाइक कंपनी द्वारा किया गया एड शूट था."
3) बूम ने स्थान का दौरा किया, प्रत्यक्षदर्शियों ने विज्ञापन शूट की पुष्टि की
बूम ने वायरल वीडियो को विरार, महाराष्ट्र के बोलिंज में जियोलोकेट किया और 5 अक्टूबर को स्थान का दौरा किया.
हमें स्थान और वायरल फुटेज के बीच कई समानताएं मिलीं, जिनमें बैकग्राउंड में दिखाई देने वाली इमारतें और दीवार पर बाघ की एक पेंटिंग शामिल है. वायरल वीडियो में बैनरों पर दिखाई देने वाले विज्ञापन हालांकि बदल दिए गए हैं.
बूम ने दो स्थानीय निवासियों से भी बात की जिन्होंने कहा कि उन्होंने स्थान पर एक क्रू को शूटिंग करते हुए देखा था.
पास के एक निवासी अकबर (60) ने बूम को बताया, "जब मैं वहां से गुजर रहा था, मैंने इस सड़क पर कैमरे और एक फिल्म क्रू को देखा. लेकिन मुझे नहीं पता कि वे क्या शूट कर रहे थे."
एक अन्य स्थानीय निवासी 65 वर्षीय सुनील ने बूम को बताया, "मैं यहां टहलने जा रहा था और कुछ शूटिंग होते हुए देखा." हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि यह शूटिंग कब हुई थी.






