केरल में सेना अधिकारी पर हुए हमले का पुराना वीडियो गलत दावे से वायरल
बूम ने पाया कि वीडियो दिसंबर 2024 का है, तब केरल के एक NCC कैंप में लेफ्टिनेंट कर्नल करनैल सिंह पर फूड पॉइजनिंग से जुड़े आरोपों के बाद हमला हुआ था.

सोशल मीडिया पर केरल में एक नाबालिग लड़की को परेशान करने के आरोप में भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल की पिटाई के दावे से एक वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में एक पुलिसकर्मी की मौजूदगी में दो लोग एक शख्स के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं, जबकि वह शख्स बदसलूकी रोकने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है.
बूम ने जांच में पाया कि वीडियो साल 2024 का है. तब केरल के एक एनसीसी ट्रेनिंग कैंप में फूड पॉइजनिंग से जुड़े आरोपों के बाद लेफ्टिनेंट कर्नल करनैल सिंह के ऊपर हमला हुआ था.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
एक्स पर एक यूजर ने Grok से इस वीडियो के बारे में पूछताछ करते हुए लिखा, "लेफ्टिनेंट कर्नल करनैल सिंह को कथित तौर पर एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ करते हुए पकड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों ने घेर लिया. स्थिति जल्द ही हिंसक हो गई और क्रोधित भीड़ ने सेना अधिकारी की पिटाई कर दी." आर्काइव लिंक यहां देखें.
एक्स और फेसबुक पर अन्य यूजर्स ने अंग्रेजी कैप्शन में भी यही दावा किया कि केरल में भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल के साथ नाबालिग लड़की को परेशान करने के आरोप में मारपीट की गई. आर्काइव लिंक यहां और यहां देखें.
पड़ताल में क्या मिला:
घटना 2024 की है
संबंधित कीवर्ड सर्च करने पर हमें 2024 में हुई इस घटना से जुड़ी कई मीडिया रिपोर्ट मिलीं, जिनके मुताबिक मामला किसी लड़की को परेशान करने से नहीं बल्कि विषाक्त खाने से जुड़ा था.
टाइम्स ऑफ इंडिया, एनडीटीवी, द हिंदू, न्यू इंडियन एक्सप्रेस और हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट में बताया गया कि घटना 23 दिसंबर 2024 की है. केरल के थ्रिक्काकारा स्थित केएमएम कॉलेज में आयोजित एक NCC कैंप के दौरान फूड पॉइजनिंग के संदिग्ध मामले में 80 से अधिक कैडेट बीमार पड़ गए. इसी घटना को लेकर कुछ लोग कैंप परिसर में घुस आए और 21 केरल NCC बटालियन के लेफ्टिनेंट कर्नल करनैल सिंह पर हमला कर दिया. इस हमले का वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
मामला लड़की की छेड़छाड़ से जुड़ा नहीं था
रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था. आरोपियों की पहचान फोर्ट कोच्चि निवासी निषाद और पल्लुरुथी निवासी नवाज के रूप में हुई, जो बीमार पड़े कैडेटों में से किसी के परिजन थे.
असल में 23 दिसंबर 2024 को फूड पॉइजनिंग की घटना के विरोध में अभिभावकों समेत कई लोगों ने कैंप के बाहर प्रदर्शन किया था. इसी दौरान कुछ लोग कथित तौर पर परिसर में घुस गए और अधिकारी पर हमला कर दिया. पुलिस ने परिसर में घुसकर हंगामा करने के आरोप में करीब 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था.
घटना पर टाइम्स नाउ और लाइव हिंदुस्तान की वीडियो रिपोर्ट भी देखी जा सकती है.



