जमुई केस पीड़िता के दावे से मेघालय की कंटेट क्रिएटर का पुराना वीडियो वायरल
बूम ने पाया कि वायरल वीडियो पुराना है. वीडियो में नजर आ रही युवती का नाम जन्नत है, जो अपना डीपफेक वीडियो वायरल होने के बाद लोगों से समर्थन की अपील करती नजर आ रही है.

बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न के मामले की पीड़िता के दावे से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में एक युवती भावुक होकर अपने डीपफेक वीडियो के बारे में बताती और लोगों से समर्थन की अपील करती नजर आ रही है.
बूम ने जांच में पाया कि वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है. वीडियो में नजर आ रही युवती का नाम जन्नत है. कंटेंट क्रिएटर जन्नत ने यह वीडियो 15 नवंबर 2025 को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया था. बूम से बातचीत में एसडीपीओ दीप्ति मोनाली ने भी वायरल दावे का खंडन किया है.
जमुई यौन हिंसा मामले में अब तक 8 लोगों की गिरफ्तारी हुई है. इस मामले में दो एफआईआर दर्ज की गई हैं. छेड़छाड़ के मामले में मुख्य आरोपी नंदन यादव, हरेराम यादव, मिथिलेश कुमार और दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया है. वहीं वीडियो वायरल करने के संबंध में रामाशीष चौधरी, कुंदन कुमार और फैयाज अहमद को अरेस्ट किया गया है.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
एक्स पर एक यूजर ने युवती को जमुई पीड़िता के रूप में चिन्हित करते हुए लिखा, 'ये जमुई की पीड़िता बताई जा रही है... शेयर कर सपोर्ट करने की मांग कर रही है.'
पड़ताल में क्या मिला: वीडियो साल 2025 का है
पड़ताल के दौरान हमें sweet_zannat_12374 नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मूल वीडियो मिला. इसे यहां 15 नवंबर 2025 को पोस्ट किया गया था, जिससे स्पष्ट है कि वीडियो पुराना है और 19 सितंबर को जमुई में हुई यौन उत्पीड़न की घटना से पहले का है.
मूल वीडियो में क्रिएटर जन्नत AI की मदद से आपत्तिजनक वीडियो बनाए जाने की बात बताते हुए दो लड़कों पर इसका आरोप लगाती और लोगों से समर्थन की मांग करती नजर आ रही हैं.
डीपफेक वीडियो वायरल करने का था मामला
जन्नत ने तब अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एआई की मदद से बनाए गए आपत्तिजनक वीडियो के वायरल होने को लेकर कई पोस्ट किए थे. इन पोस्ट में उन्होंने अपने पास ही गांव के लड़कों पर उनका वीडियो बनाने और वायरल करने का आरोप लगाया था. यहां, यहां और यहां देखें.
एक वीडियो में जन्नत के साथ आरोपी लड़कों को वीडियो बनाने के लिए माफी मांगते हुए देखा जा सकता है. जन्नत के इंस्टाग्राम अकाउंट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक वह मेघालय में रहती हैं और डेली लाइफ वीडियोज पोस्ट करती हैं.
एनडीटीवी, इकोनॉमिक टाइम्स और पंजाब केसरी की दिसंबर 2025 में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, जन्नत उस समय भी चर्चा में आई थीं, जब एक कपल का 19 मिनट का कथित प्राइवेट वीडियो वायरल हुआ था. इसमें दिख रही महिला की गलत पहचान जन्नत के रूप में की गई थी. इसके बाद उन्हें काफी आपत्तिजनक टिप्पणियों का सामना करना पड़ा था. हालांकि जन्नत ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर स्पष्ट किया था कि वायरल वीडियो में वह नहीं थीं.
जमुई पुलिस ने किया दावे का खंडन
हमने वायरल दावे पर अधिक जानकारी के लिए जमुई पुलिस से संपर्क किया. बूम से बातचीत में एसडीपीओ दीप्ती मोनाली ने दावे को गलत बताते हुए कहा कि साइबर पुलिस ने इस वीडियो का संज्ञान लिया है और उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस ने एक पोस्ट पर भी कमेंट करते हुए स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो में दिख रही युवती जमुई मामले की पीड़िता नहीं है.
प्रतिक्रिया के लिए हमने क्रिएटर जन्नत से भी बात करने की कोशिश की है. जवाब आने पर स्टोरी अपडेट की जाएगी.


