जमुई छात्रा यौन उत्पीड़न मामले के मुख्य आरोपी के दावे से AI जनरेटेड तस्वीर वायरल
बूम ने पाया कि वायरल तस्वीर OpenAI के AI टूल की मदद से बनाई गई है. पुलिस ने मुख्य आरोपी नंदन यादव को मंगलवार को अरेस्ट किया है.

बिहार के जमुई में एक नाबालिग छात्रा के यौन उत्पीड़न के मुख्य आरोपी के दावे से एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है.
बूम ने जांच में पाया कि यह नंदन यादव की वास्तविक तस्वीर नहीं है. इसे OpenAI के AI टूल की मदद से बनाया गया है.
गौरतलब है कि 19 सितंबर को जमुई में 10वीं के छात्र- छात्रा के साथ बदसलूकी और यौन उत्पीड़न की घटना का वीडियो वायरल हुआ था. पुलिस ने अब तक मामले में दो नाबालिग समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया है.
पुलिस ने मुख्य आरोपी की पहचान नंदन यादव के रूप में की है जिसे एनकाउंटर के बाद मंगलवार को गिरफ्तार किया गया.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
इसी बीच एक यूजर ने एक तस्वीर को मुख्य आरोपी की फोटो बताते हुए अंग्रेजी कैप्शन में दावा किया कि उसका नाम राजेश कुमार है और घटना के वीडियो में मुंह पर गमछा बांधे वही शख्स था.
पड़ताल में क्या मिला: आरोपी का नाम राजेश नहीं बल्कि नंदन यादव है
जमुई पुलिस और मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक वायरल वीडियो में दिख रहे गमछा बांधे मुख्य आरोपी का नाम नंदन यादव है. 22 सितंबर को पुलिस के साथ कथित मुठभेड़ में आरोपी नंदन यादव के पैरों में गोली लगी थी.
इस दौरान पुलिस ने एक अन्य आरोपी हरेराम यादव को भी अरेस्ट किया था. पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी अवैध बालू खनन और अवैध शराब के धंधे में भी लिप्त थे.
वायरल तस्वीर आरोपी की नहीं है, इसे AI की मदद से बनाया गया है
हमने पाया कि मीडिया रिपोर्ट में मौजूद आरोपी नंदन यादव की तस्वीरें वायरल तस्वीर से मेल नहीं खा रही. जांच के लिए हमने इसे AI डिटेक्शन टूल Hive Moderation पर चेक किया गया. Hive ने तस्वीर के एआई जनित होने की संभावना 99.9 प्रतिशत बताई.
पुष्टि के लिए हमने इसे OpenAI के इमेज वेरिफिकेशन टूल पर भी चेक किया. इसके मुताबिक तस्वीर में OpenAI का SynthID वॉटरमार्क मौजूद है, जो बताता है कि इसे OpenAI के AI टूल्स की मदद से बनाया गया है.
राजेश कुमार नाम का कोई आरोपी सामने नहीं आया
जमुई पुलिस ने छेड़खानी मामले में अब तक 8 लोगों को अरेस्ट किया है. स्थानीय रिपोर्टर के मुताबिक, इस मामले में दो एफआईआर दर्ज हुई हैं. छेड़खानी के मामले में मुख्य आरोपी नंदन यादव, हरेराम यादव, मिथिलेश कुमार और दो नाबालिगों को आरोपी बनाया गया है. वहीं वीडियो वायरल करने के मामले में रामाशीष चौधरी, कुंदन कुमार और फैयाज अहमद को गिरफ्तार किया गया है. हालांकि राजेश कुमार नाम का कोई आरोपी अब तक सामने नहीं आया है.
आरोपियों की पुष्टि के लिए हमने जमुई पुलिस से भी संपर्क किया. हालांकि अब तक कोई जवाब नहीं मिला है. जवाब मिलने पर स्टोरी को अपडेट किया जाएगा.


