बंगाल में BJP की जीत के जश्न के दावे से वायरल वीडियो प्रयागराज का है
बूम ने पाया कि वायरल वीडियो उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का है, जहां लोगों ने टी20 विश्व कप में भारत की जीत का जश्न मनाया था.

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का एक वीडियो पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत के जश्न के दावे से वायरल किया जा रहा है. वीडियो में सड़क पर तिरंगे के साथ बड़ी संख्या में लोग झूमते नजर आ रहे हैं. यूजर्स इसके साथ लिख रहे हैं कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत के बाद लोग 'जय श्री राम' का लगाते हुए जश्न मना रहे हैं.
बूम ने जांच में पाया कि वायरल वीडियो प्रयागराज के लोकनाथ चौराहे का है, जहां इसी साल मार्च में टी20 वर्ल्ड कप में भारत की जीत के बाद फैंस द्वारा जश्न मनाया गया था.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
एक्स पर एनडीटीवी के एग्जीक्यूटिव एडिटर आदित्य राज कौल ने इस वीडियो को शेयर करते हुए अंग्रेजी कैप्शन में दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा समर्थकों द्वारा जश्न मनाया जा रहा है. चारों ओर जय श्री राम के नारे गूंज रहे हैं. (आर्काइव लिंक)
फेसबुक पर भी यह वीडियो इसी दावे से वायरल है, जहां यूजर्स इसे बंगाल का बताते हुए लिख रहे हैं कि टीएमसी के जाने के बाद मानो लोग अपनी आजादी का जश्न मना रहे हैं. (आर्काइव लिंक)
पड़ताल में क्या मिला:
वीडियो प्रयागराज का है
फेसबुक पर वायरल वीडियो पर रिप्लाई करते हुए कई यूजर्स ने इसे प्रयागराज के लोकनाथ चौराहे का बताया था.
आगे संबंधित कीवर्ड सर्च की मदद से हमें फेसबुक और इंस्टाग्राम पर 8-9 मार्च 2026 के पोस्ट किए गए इससे मिलते-जुलते कई वीडियो मिले. इनके कैप्शन में बताया गया कि टी20 विश्व कप में भारत की जीत के बाद प्रयागराज के लोकनाथ चौराहे पर जबरदस्त जश्न मनाया गया.
यहां से हिंट लेकर हमने गूगल मैप्स पर लोकनाथ चौराहे के लोकेशन की तलाश की. गूगल मैप्स के स्ट्रीट व्यू में हमें वायरल वीडियो में दिखाई दे रही 'सुमन ऑर्नामेंट्स' नाम की वही दुकान नजर आई. यह दुकान प्रयागराज के लोकनाथ द्वार के पास ही स्थित है.
टी20 विश्व कप में भारत की जीत के बाद फैंस ने मनाया जश्न
इंडिया टुडे ने भी 9 मार्च को इंस्टाग्राम पर मिलती-जुलती तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा था कि पुरुष टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाने के लिए प्रयागराज समेत देशभर में बड़ी संख्या में प्रशंसक सड़कों पर उतर आए.
दैनिक भास्कर और अमर उजला की रिपोर्ट में भी इससे संबंधित खबर देखी जा सकती है, जिनमें वायरल वीडियो से मिलते हुए विजुअल को साझा कर बताया गया कि टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत के बाद प्रयागराज में जबरदस्त जश्न का माहौल था. शहर के लोकनाथ और सिविल लाइंस समेत कई इलाकों में बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी सड़कों पर उतर आए थे.
पुरुष T20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल 8 मार्च 2026 को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया था, जहां भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया था.


