बंगाल चुनाव: हावड़ा ब्रिज पर बीजेपी की जीत के जश्न का बताकर होली का वीडियो वायरल
बूम ने पाया कि यह वीडियो पुराना है. यह इस साल मार्च में कोलकाता के हावड़ा ब्रिज पर होली के जश्न को दिखाता है.

हावड़ा ब्रिज पर होली के जश्न का एक वीडियो सोशल मीडिया पर बीजेपी समर्थकों द्वारा बंगाल में पार्टी की प्रचंड जीत के जश्न के रूप में शेयर किया जा रहा है.
बूम ने पाया कि यह वीडियो पुराना है और विधानसभा चुनाव परिणामों की घोषणा के दिन का नहीं है. यह वीडियो इस साल मार्च में कोलकाता में हुए होली के जश्न को दिखाता है.
बीजेपी ने तीन बार सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस को पीछे छोड़ते हुए पश्चिम बंगाल में आजादी के बाद पहली बार सरकार बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है. बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को उनके गढ़ भवानीपुर की सीट पर 15 हजार से अधिक वोटों से हरा दिया. इस प्रचंड जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए उनका आभार व्यक्त किया.
चुनाव परिणाम के बाद कई जगहों से हिंसा की खबरें सामने आई हैं. TMC ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर तोड़फोड़ और हमलों के आरोप लगाए हैं. शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोलकाता पुलिस ने 4 मई को सभी विजय जुलूसों, रैलियों और सार्वजनिक समारोहों पर प्रतिबंध लगा दिया था.
दावा: मीडिया ने वीडियो को हालिया बताकर की गलत रिपोर्टिंग
समाचार आउटलेट पुणे मिरर ने अपने एक्स हैंडल से वीडियो को गलत दावे से शेयर किया और लिखा कि BJP की बढ़त के बीच हावड़ा ब्रिज पर 'जय श्री राम' के नारे गूंजे.
पोस्ट देखने के लिए यहां और आर्काइव के लिए यहां क्लिक करें.
टाइम्स नाउ नवभारत और न्यूज 18 इंडिया जैसे अन्य न्यूज आउटलेट ने भी इस वीडियो को इसी गलत दावे के साथ साझा किया है.
हमने क्या पाया: वीडियो होली के जश्न का है
1. वीडियो मार्च 2026 का है:
हमने वीडियो के कीफ्रेम को रिवर्स इमेज सर्च किया और पाया कि यह वीडियो 9 मार्च 2026 को एक इंस्टाग्राम यूजर द्वारा पोस्ट किया गया था. यानी यह वीडियो पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजों की घोषणा से पहले का है.
2. कोलकाता में Rolls Royce होली का जश्न:
हमने हावड़ा ब्रिज पर होली के जश्न से संबंधित कीवर्ड सर्च किया तो पाया कि कई वीडियो में यही समान दृश्य दिखाई दे रहे हैं. 1 मार्च 2026 को किए गए एक पोस्ट में इन दृश्यों को 'रोल्स-रॉयस होली' के जश्न का बताया गया था.
द टेलीग्राफ की 1 मार्च 2026 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, "बागला परिवार की होली का जश्न जिसे कोलकाता की 'Rolls Royce Holi' के नाम से जाना जाता है, रविवार को मनाया गया. यह जुलूस हावड़ा के सत्यनाराण मंदिर से शुरू हुआ और हावड़ा ब्रिज से होते हुए सोनापट्टी, बुर्राबाजार में समाप्त हुआ. आयोजक मंडल के सदस्य अशोक सहगल के अनुसार इस साल यह पारंपरिक उत्सव अपने 141वें वर्ष में पहुंच गया."
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि इस Rolls Royce का खास महत्व इसलिए भी है क्योंकि इसे रुडयार्ड किपलिंग से खरीदा गया था, जिससे यह कोलकाता की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बन गया.



