फैक्ट चेक: NEET Re-Exam 2026 के रिजल्ट से जोड़कर बीजेपी ने शेयर किए पुराने वीडियो
बूम ने पाया वायरल वीडियो में शामिल दो क्लिप साल 2024 की हैं, जबकि तीसरी क्लिप 3 मई को हुई NEET परीक्षा के बाद की है, जिसे बाद में रद्द कर दिया गया था.

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से 16 जुलाई को जारी हुए NEET Re-Exam Result से जोड़कर तीन वीडियो साझा किए और इन्हें पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा प्रक्रिया के उदाहरण के रूप में पेश किया. इनमें कथित तौर पर NEET 2026 में सफल हुए अभ्यर्थियों और उनके परिवारों की कहानी दिखाई गई है.
हालांकि बूम ने जांच में पाया कि बीजेपी द्वारा शेयर किए गए ये वीडियो पुराने हैं. इनमें शामिल दो क्लिप साल 2024 की हैं, जबकि तीसरी क्लिप 3 मई को हुई NEET परीक्षा के बाद की है, जिसे बाद में रद्द कर दिया गया था. इन वीडियो का 16 जुलाई को जारी हुए NEET UG Re-Exam Result से कोई संबंध नहीं है.
गौरतलब है कि UG NEET की पहली परीक्षा 3 मई को आयोजित हुई थी, जिसे पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया. इस बीच करीब 20 अभ्यर्थियों की आत्महत्या के मामले सामने आए, जिसने एक देशव्यापी विरोध प्रदर्शन को जन्म दिया, जिसके बाद 25 जुलाई को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा.
इसी बीच NTA ने 21 जून को दोबारा NEET परीक्षा आयोजित की थी, जिसके परिणाम 16 जुलाई को घोषित किए गए.
बीजेपी का दावा: वीडियो Re-Exam रिजल्ट से जुड़े हैं!
बीजेपी द्वारा 22 जुलाई को शेयर किए गए एक वीडियो में दो क्लिप शामिल हैं, जिनमें दो अलग-अलग छात्रों और उनके परिजनों के भावनात्मक पलों को दिखाया गया है.
बीजेपी ने इसके साथ कैप्शन दिया, "इन सफल छात्रों ने साबित कर दिया कि जब परीक्षा निष्पक्ष हो, तो मेहनत और प्रतिभा ही सफलता का आधार बनती है. पारदर्शी और निष्पक्ष व्यवस्था का संकल्प NEET UG 2026 के परिणामों में साफ दिखता है..."
वहीं तीसरी क्लिप में एक शख्स अभ्यर्थी के पिता से उनके बेटे स्कोर के बारे में बताता दिख रहा है. इसके साथ बीजेपी ने लिखा, "अभावों को अवसर में बदलने वाली यह प्रतिभा ही विकसित भारत की असली ताकत है. एक पान विक्रेता के बेटे का NEET UG 2026 में सफलता हासिल करना यह बताता है कि नया भारत रुकने वाला नहीं.."
पड़ताल में क्या मिला:
क्लिप एक
रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें कोचिंग संस्थान Physics Wallah के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह वीडियो मिला. यहां यह वीडियो 16 नवंबर 2024 को पोस्ट किया गया था, जो बताता कि वीडियो हाल का नहीं है.
Physics Wallah के इंस्टाग्राम पर साल 2024 में साझा किए गए इससे जुड़े कई पोस्ट मौजूद हैं, जिनमें एक मजदूरी करने वाले युवक के डॉक्टर बनने के सफर के बारे में बताया गया है. इनमें युवक के साथ Physics Wallah के फाउंडर और टीचर अलख पांडे को भी देखा जा सकता है.
Physics Wallah के मुताबिक पश्चिम बंगाल के एक छोटे से गांव के रहने वाले इस छात्र ने मजदूरी करते हुए NEET 2024 की परीक्षा पास की थी.
हिंदुस्तान टाइम्स और टाइम्स नाउ की रिपोर्ट के मुताबिक इस 21 वर्षीय छात्र का नाम सरफराज है, जिसने NEET 2024 परीक्षा में 720 में से 677 अंक प्राप्त किए थे.
क्लिप दो
रिवर्स इमेज सर्च की मदद से हमें बीजेपी से जुड़े Dr.SG Suryah के एक्स हैंडल पर 27 अगस्त 2024 को पोस्ट किया गया यह वीडियो मिला. पोस्ट के मुताबिक तमिलनाडु के शिवगंगा जिले के इस छात्र को कोटे की सीट से MBBS में दाखिला मिला था.
न्यूज18 तमिलनाडु के यूट्यूब चैनल पर भी इसकी वीडियो रिपोर्ट मौजूद है, जिसमें बताया गया है कि दिव्यांग छात्र नागराज ने NEET में पहली कोशिश में मेडिकल सीट हासिल कर मदुरै मेडिकल कॉलेज में दाखिला पाया था.
क्लिप तीन
रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें तीसरी क्लिप कोचिंग संस्थान PW विद्यापीठ के इंस्टाग्राम हैंडल पर मिली. यहां यह वीडियो क्लिप 7 मई 2026 को पोस्ट की गई थी, जबकि NEET 2026 के परिणाम 16 जुलाई को जारी किए गए हैं.
इस पोस्ट में स्पष्ट रूप से Expected Score का उल्लेख है. इसके अनुसार पान की दुकान चलाने वाले एक शख्स के बेटे के NEET में 720 में से 681 अंक आने का अनुमान लगाया गया था. PW विद्यापीठ यूपी के इंस्टाग्राम पर भी इससे जुड़े कई वीडियो मौजूद हैं.
5 मई को पोस्ट किए गए एक वीडियो में दी गई जानकारी के मुताबिक इस छात्र का नाम विनीत मोदी है. वीडियो में बताया गया कि पहली NEET परीक्षा (3 मई) में उसका अनुमानित स्कोर 681 था, जो कि बाद में रद्द कर दी गई थी. इससे साफ है कि यह वीडियो NEET Re-Exam के रिजल्ट के बाद का नहीं है.



