BJP पर टिप्पणी करते सम्राट चौधरी का 12 साल पुराना वीडियो भ्रामक दावे से वायरल
बूम ने पाया कि बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का यह वीडियो साल 2014 का है. उस समय उन्होंने राजद से अलग होकर जदयू को समर्थन देने की बात कही थी.

बिहार में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद एनडीए गठबंधन ने सम्राट चौधरी को अपना नेता चुना. सम्राट चौधरी ने आज (15 अप्रैल) बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. इसके साथ ही राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी का मुख्यमंत्री बना.
सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी के बयान के दावे से एक वीडियो वायरल है, जिसमें वह भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते नजर आ रहे हैं.
बूम ने पाया कि वायरल वीडियो हाल का नहीं बल्कि साल 2014 का है. तब सम्राट चौधरी लालू यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से बागी हो गए थे और नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) को अपना समर्थन दिया था.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
वायरल हो रहे इस वीडियो में सम्राट चौधरी एबीपी न्यूज से बात करते हुए कह रहे हैं, "बिहार की जो लड़ाई थी, जिस तरह नरेंद्र मोदी की पार्टी बिहार में फैलती जा रही है. इसको रोकने के लिए हम लोगों को कुछ निर्णय लेना पड़ रहा है और हम लोग तमाम विधायक बैठे, हम लोगों ने बहुमत से निर्णय लिया."
एक्स और फेसबुक जैसे माध्यमों पर इस वीडियो को शेयर करते हुए यूजर दावा कर रहे हैं कि यह बिहार के सीएम बनने के बाद सम्राट चौधरी का पहला बयान है.
आर्काइव लिंक यहां और यहां देखें.
पड़ताल में क्या मिला:
वायरल वीडियो करीब 12 साल पुराना है
एबीपी न्यूज के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर हमें 24 फरवरी 2014 का अपलोड किया गया मूल वीडियो मिला. इसके डिस्क्रिप्शन में मौजूद जानकारी के मुताबिक तब सम्राट चौधरी समेत राजद के 22 में से 13 विधायक बागी हो गए थे. सम्राट चौधरी ने राजद छोड़कर नीतीश कुमार को समर्थन देने की घोषणा की थी.
वीडियो में सम्राट चौधरी राजद से मोहभंग होने के सवाल पर कहते हैं, "आपने पिछले तीन महीने में देखा होगा कि राष्ट्रीय जनता दल पूरी तरह कांग्रेस की 'बी' टीम बन गई थी. बिहार की जो लड़ाई थी, जिस तरह नरेंद्र मोदी की पार्टी बिहार में फैलती जा रही है. इसको रोकने के लिए हम लोगों को कुछ निर्णय लेना पड़ रहा है और हम लोग तमाम विधायक बैठे, हम लोगों ने निर्णय लिया. बहुमत से निर्णय लिया."
सम्राट चौधरी समेत 13 राजद विधायक हुए थे बागी
सम्राट चौधरी के पूरे बयान से स्पष्ट होता है कि वह राजद की आलोचना करते हुए उससे अलग होकर नया गुट बनाने या जदयू में विलय करने की बात कर रहे हैं. इस वीडियो में राजद के कुछ अन्य बागी विधायकों के बयान भी शामिल हैं. आजतक के यूट्यूब चैनल पर सम्राट चौधरी का उस समय का एक और वीडियो भी देखा जा सकता है, जिसमें वह राजद छोड़ने से जुड़े सवालों के जवाब देते नजर आ रहे हैं.
आजतक की 24 फरवरी 2014 की एक रिपोर्ट के अनुसार सम्राट चौधरी ने दावा किया था कि राजद के 13 विधायक अलग होने को तैयार थे. राज्यपाल को पत्र लिखने के बाद बिहार विधानसभा सचिव ने भी इन 13 विधायकों को अलग गुट के रूप में मान्यता दे दी थी. हालांकि बाद में इन 13 बागी विधायकों में से 6 वापस पार्टी में लौट आए.
सम्राट चौधरी का राजनीतिक सफर
सम्राट चौधरी ने सक्रिय राजनीतिक सफर की शुरुआत राष्ट्रीय जनता दल से की थी. साल 2014 में राजद से अलग होने के बाद वह नीतीश कुमार की पार्टी जदयू में शामिल हुए और जीतन राम मांझी की नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री बने. साल 2017 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया. इसके बाद 2024 में वह एनडीए सरकार में राज्य के उपमुख्यमंत्री बने.


