केरल में बेटियों के यौन शोषण के दावे से जोड़कर बांग्लादेश का वीडियो वायरल
बूम ने पाया कि यह वीडियो बांग्लादेश के फरीदपुर का है, जहां एक महिला ने अपने पति के अन्य महिलाओं के साथ कथित संबंधों से नाराज होकर उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया था.

इस रिपोर्ट में हिंसा से जुड़े संवेदनशील विवरण शामिल हैं.
बांग्लादेश के फरीदपुर में एक व्यक्ति का कथित तौर पर उसकी पत्नी द्वारा प्राइवेट पार्ट काट दिए जाने के बाद खून से लथपथ भागने और चीखने-चिल्लाने का वीडियो वायरल हो रहा है.
इसके साथ दावा किया जा रहा है कि यह घटना केरल की है, जहां अपनी बेटियों के साथ यौन उत्पीड़न करने वाले एक व्यक्ति का उसकी बेटियों द्वारा प्राइवेट पार्ट काट दिया गया.
बूम ने पाया कि यह घटना 29 जून को बांग्लादेश के फरीदपुर में हुई थी, जब एक पत्नी ने अपने पति के अन्य महिलाओं के साथ कथित संबंधों को लेकर हुई बहस के बाद उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया था.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
एक्स और फेसबुक पर इस वीडियो को सांप्रदायिक दावे के साथ शेयर करते हुए कैप्शन दिया जा रहा है कि "वह नियमित रूप से अपनी तीन बेटियों का बलात्कार करता था. इस बार वह अपनी चौथी, साढ़े छह साल की बेटी का बलात्कार करने की कोशिश कर रहा था लेकिन उसकी तीनों बड़ी बेटियों ने मिलकर उसका लिंग काट दिया. यह घटना केरल की है. उसके धर्म का अनुमान लगाना मुश्किल नहीं है.." आर्काइव लिंक यहां और यहां देखें.
ट्रिगर वार्निंग: वीडियो के विजुअल विचलित कर सकते हैं.
पड़ताल में क्या मिला:
1. वीडियो बांग्लादेश का है:
हमने सबसे पहले वीडियो में मेंशन किए गए न्यूज चैनल का नाम देखा और फेसबुक पर संबंधित कीवर्ड सर्च किया. इसके जरिए हमें बांग्लादेश स्थित न्यूज 21 बांग्ला टीवी की 30 जून 2026 की रिपोर्ट मिली.
रिपोर्ट को एक बांग्ला कैप्शन के साथ साझा किया गया था जिसका अनुवाद है- "फरीदपुर के भंगा में एक पत्नी ने कथित तौर पर सोते हुए पति के गुप्तांग काट दिए. स्थानीय लोगों ने बाद में 999 पर कॉल कर महिला को पुलिस के हवाले कर दिया."
इस घटना पर Cumilla News और RisingBD.com जैसे बांग्लादेशी मीडिया आउटलेट की रिपोर्ट भी देखी जा सकती है.
2. पति के साथ बहस के बाद पत्नी ने किया था हमला:
बांग्लादेशी न्यूज आउटलेट Ittefaq.com और Ajkerpatrika.com के मुताबिक यह घटना 29 जून 2026 की सुबह फरीदपुर जिले के भंगा में हुई थी. आरोपी महिला सुमैया अख्तर सुमी ने कथित तौर पर पिछली रात हुई बहस के बाद अपने पति हनीफ शेख का प्राइवेट पार्ट काट दिया था.
खबरों में यह भी कहा गया कि सुमैया ने अपने पति पर अन्य महिलाओं के साथ संबंध रखने का आरोप लगाया था. उसने यह भी आरोप लगाया था कि जब भी वह इसका विरोध करती, उसका पति उसे मच्छर भगाने वाली कॉइल से जला देता. सुमैया ने कथित तौर पर 29 जून की सुबह चाकू से अपने पति के गुप्तांगों पर हमला करने की बात कबूल की थी.



