अरुणाचल प्रदेश में चीनी घुसपैठ के दावे से बांग्लादेश सीमा का वीडियो वायरल
बूम ने पाया कि वीडियो चांपाईनवाबगंज के शिबगंज सीमा क्षेत्र पर बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के बीच हुई कहासुनी का है.

सोशल मीडिया पर सुरक्षाबलों के बीच कहासुनी का एक वीडियो अरुणाचल प्रदेश में चीनी सेना द्वारा कब्जा कर लेने के दावे से वायरल है.
बूम ने पाया कि वीडियो चांपाईनवाबगंज के शिबगंज सीमा के पास बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के बीच हुई कहासुनी का है. बांग्लादेशी न्यूज रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि तब शिबगंज बॉर्डर के जरिए 20 लोगों ने भारत से वापस बांग्लादेश जाने का प्रयास किया था.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
एक्स पर वायरल करीब 20 सेकंड के इस वीडियो में सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय लोगों को बांग्ला भाषा में बात करते हुए सुना जा सकता है. वीडियो में एक शख्स पहले फ्रंट कैमरे और फिर बैक कैमरे से पूरी बहस को रिकॉर्ड करता नजर आ रहा है.
इस वीडियो के जरिए मोदी सरकार पर सवाल उठाते हुए दावा किया जा रहा है कि चीनी सेना अरुणाचल प्रदेश में 60 किलोमीटर अंदर घुसकर कब्जा कर रही है और इस तरह चीन अरुणाचल को अपना हिस्सा बना रहा है.
पड़ताल में क्या मिला:
वीडियो भारत-बांग्लादेश सीमा का है
बूम ने गौर किया वीडियो में लोग बंगाली में बात कर रहे हैं और उनकी वेशभूषा भी बांग्लादेशी लग रही है. इससे हमें अंदेशा हुआ कि वीडियो के साथ गलत दावा किया जा रहा है. वीडियो में सुरक्षाबलों की वर्दी पर बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश का बैज भी देखा जा सकता है.
यहां से हिंट लेकर हमने बांग्ला में संबंधित कीवर्ड सर्च किया. इसके जरिए हमें बांग्लादेशी न्यूज चैनल Jago News के यूट्यूब चैनल पर 20 जून का एक वीडियो मिला, जिसमें वायरल वीडियो से मिलते-जुलते दृश्य दिखाई दे रहे थे.
BGB और BSF के जवानों के बीच कहासुनी
Jago News की रिपोर्ट के मुताबिक घटना 20 जून 2026 की है. रिपोर्ट में कहा गया कि चांपाईनवाबगंज के शिबगंज सीमा पर महिलाएं और बच्चों समेत 20 लोग भारत से वापस बांग्लादेश जाने का प्रयास कर रहे थे जिन्हें बीजीबी ने रोक दिया. इसी दौरान BGB और BSF के जवानों के बीच कहासुनी हो गई.
रिपोर्ट में बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच बैठक के बाद सभी को वापस भारतीय क्षेत्र में भेज दिया गया.
घटना पर Ajker Patrika और The Daily Star की रिपोर्ट भी देखी जा सकती है.
PIB ने किया खंडन
गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर इन दिनों अरुणाचल प्रदेश में चीनी घुसपैठ के दावे से कई वीडियो वायरल हो रहे हैं. हालांकि भारत सरकार लगातार ऐसे दावों का खंडन कर रही है. PIB ने चीनी सेना के 60 किलोमीटर अंदर तक घुस आने के दावे को भी फेक करार देते हुए वीडियो को भारत-बांग्लादेश सीमा का बताया.


