फैक्ट चेक: रांची में जारी छात्र आंदोलन से जोड़कर धनबाद का वीडियो वायरल
बूम ने पाया कि वीडियो धनबाद स्थित बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्विद्यालय (BBMKU) का है, जहां 27 जुलाई को AISA से जुड़े छात्रों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन किया था.

झारखंड की राजधानी रांची में JPSC और JSSC परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के विरोध में चल रहे प्रदर्शन से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है. वीडियो में जमीन पर बैठे छात्र अधिकारियों से जवाब तलब करते हुए उन्हें भी अपने साथ जमीन पर बैठने के लिए कहते नजर आ रहे हैं.
इसके साथ दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो रांची का है, जहां JPSC और JSSC की परीक्षाओं में विसंगतियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने SDO और ADM को भी जमीन पर बैठकर बातचीत करने के लिए मजबूर कर दिया.
बूम ने पाया कि वीडियो के साथ भ्रामक दावा किया जा रहा है. वीडियो झारखंड के रांची का नहीं बल्कि धनबाद का है, जहां बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्विद्यालय में (BBMKU) 27 जुलाई को वामपंथी छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (AISA) के छात्रों ने अपनी 11 सूत्रीय मांगो को लेकर तालाबंदी की थी.
गौरतलब है कि रांची में 25 जुलाई से झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) में हुई अनियमिततों के विरोध में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हो रहा है. इस दौरान कई छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर भी बैठे हैं. छात्रों की मांगों पर चर्चा के लिए सरकार ने वार्ता प्रस्ताव भेजा है और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनसे बातचीत के लिए चार मंत्रियों की एक समिति भी गठित की है.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
एक्स और फेसबुक जैसे माध्यमों पर वायरल इस वीडियो में धरने पर बैठा एक युवक एक अधिकारी से सवाल करता हुआ कहता है कि आप भी छात्रों जैसे जमीन पर बैठिए फिर बातचीत होगी. वीडियो के अंत में उस शख्स को जमीन पर बैठते हुए देखा सकता है.
यूजर वीडियो को शेयर करते हुए लिख रहे हैं कि रांची में JPSC और JSSC परीक्षा में विसंगतियों के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों ने बंद कमरे में वार्ता से इनकार कर दिया. जिसके बाद SDO और ADM को भी प्रदर्शनकारियों के बीच जमीन पर बैठकर खुली बातचीत करनी पड़ी.
आर्काइव लिंक यहां और यहां देखें.
कई छोटे-मोटे न्यूज चैनल्स ने भी ऐसे ही भ्रामक दावों के साथ साझा करते हुए वीडियो को रांची का बताया है.
पड़ताल में क्या मिला:
वीडियो धनबाद का है
रिवर्स इमेज सर्च के दौरान हमें The Logical Indian के इंस्टाग्राम पेज पर यह वीडियो मिला. इसके कैप्शन में इसे धनबाद स्थित बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्विद्यालय का बताया गया था.
कैप्शन के अनुसार, BBMKU में परीक्षा के नतीजों में देरी, लाइब्रेरी और बेंच की कमी तथा पानी और बिजली जैसे बुनियादी मुद्दों को लेकर छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने 11 सूत्रीय मांगपत्र रखा. इस दौरान बातचीत शुरू करने से पहले उन्होंने अधिकारियों से उनके साथ जमीन पर बैठने के लिए कहा.
BBMKU में AISA ने किया था प्रदर्शन
पोस्ट में वीडियो का क्रेडिट AISA की सदस्य स्नेहा को दिया गया था. स्नेहा के इंस्टाग्राम पर इससे जुड़े कई पोस्ट देखे जा सकते हैं. स्नेहा के अनुसार धनबाद स्थित BBMKU में यह प्रदर्शन 27 जुलाई 2026 को हुआ था.
27 जुलाई के इस प्रदर्शन पर मौजूद हैं मीडिया रिपोर्ट
प्रभात खबर धनबाद, 22 स्कोप, धनबाद रेजिस्टेंस और जेपी भारत लाइव जैसे स्थानीय मीडिया चैनलों पर भी इस वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट देखी जा सकती है. रिपोर्ट के मुताबिक, 27 जुलाई को विश्वविद्यालय में LLM की पढ़ाई शुरू करने, सेंट्रल लाइब्रेरी और लैब बनाने जैसी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे AISA के कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक भवन में तालाबंदी कर दी थी.
इस प्रदर्शन पर हिंदुस्तान और टीवी 45 की रिपोर्ट भी मौजूद है, जिनमें बताया गया कि आइसा के छात्रों ने अपना 11 सूत्रीय मांगपत्र कुलपति को सौंपा, जिसके बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन ने कई मांगों पर जल्द ही कार्रवाई करने का लिखित आश्वासन दिया.


