पश्चिम एशिया संकट के बीच अमित शाह के नाम पर एक वक्त खाना छोड़ने की फर्जी अपील वायरल
पीआईबी ने वायरल दावे का खंडन करते हुए बताया कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है.

सोशल मीडिया पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नाम पर एक बयान वायरल है, जिसमें उनके हवाले से भारी संकट को देखते हुए एक टाइम खाना छोड़ने की अपील की गई है.
बूम ने फैक्ट चेक में पाया कि अमित शाह के नाम पर वायरल हो रहा बयान फर्जी है. पीआईबी ने वायरल दावे का खंडन करते हुए बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री ने इस तरह का कोई बयान नहीं दिया है.
गौरतलब है कि पश्चिम एशिया संकट और बिगड़ते वैश्विक हालात के मद्देनजर बीते दिनों प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल बचाने, विदेश यात्राएं टालने, वर्क फ्रॉम होम अपनाने और एक साल तक सोना न खरीदने की अपील की थी.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
सोशल मीडिया पर पीएम मोदी की अपील से जोड़ते हुए गृह मंत्री अमित शाह का यह कथित बयान वायरल हो रहा है जिसमें उनके हवाले से कहा गया है, "भारी संकट आने वाला है, हो सके तो एक टाइम का खाना छोड़ दीजिए."
फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे माध्यमों पर इस बयान वाले ग्राफिक को शेयर करते हुए यूजर दावा कर रहे हैं कि देश में भारी संकट आने वाला है जिसके मद्देनजर अमित शाह ने चेतावनी दी है कि हो सके तो एक समय का खाना छोड़ने की तैयारी रखें. आर्काइव लिंक यहां और यहां देखें.
पड़ताल में क्या मिला:
जांच के दौरान हमें ऐसी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली, जिसमें बताया गया हो कि गृह मंत्री अमित शाह ने देशवासियों से एक वक्त का खाना छोड़ने जैसी कोई बेतुकी अपील की है. अगर उन्होंने ऐसा कोई बयान दिया होता तो मीडिया और राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चा जरूर होती.
हमें अमित शाह के सोशल मीडिया अकाउंट पर भी ऐसे किसी बयान से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली.
पीआईबी ने किया वायरल दावे का खंडन
पीआईबी की फैक्ट चेक यूनिट ने सोशल मीडिया पर वायरल दावे का खंडन करते हुए इसे फर्जी बताया और कहा कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है.



