मुहर्रम जुलूस के करतब का वीडियो राजस्थान गैंगरेप के आरोपियों की सजा का बताकर वायरल
बूम ने पाया कि वायरल वीडियो उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में मुहर्रम जुलूस के दौरान दिखाए गए करतब का है. इसका राजस्थान के श्रीगंगानगर गैंगरेप मामले से कोई संबंध नहीं है.

सोशल मीडिया पर राजस्थान के श्रीगंगानगर गैंगरेप के आरोपियों को सजा दिए जाने के दावे से एक असंबंधित वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में चार लोगों को सार्वजनिक रूप से फांसी पर लटकाते हुए दिखाया गया है.
बूम ने पाया कि वीडियो उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के चंडौस का है. मुहर्रम जुलूस के दौरान अब्बासी अखाड़े ने इस करतब को प्रस्तुत किया था, जोकि एक सांकेतिक कार्यक्रम था.
गौरतलब है कि राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में बंधक बनाकर कई दिनों तक गैंगरेप का शिकार हुई 13 वर्षीय बच्ची के मामले में पुलिस ने अब तक 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में चार लोगों को सफेद कपड़े में लपेटकर, जिन पर कथित तौर पर खून के धब्बे भी दिखाई दे रहे हैं, सार्वजनिक रूप से फांसी पर लटकाते हुए दिखाया गया है. वहीं बड़ी संख्या में मौजूद लोग इस दृश्य को अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड करते नजर आ रहे हैं.
फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे माध्यमों पर इसे श्रीगंगानगर की घटना से जोड़ते हुए दावा किया जा रहा है कि राजस्थान रेप केस के आरोपियों को जनता कुछ इस तरह सजा दे रही है. आर्काइव लिंक यहां और यहां देखें.
पड़ताल में क्या मिला:
सबसे पहले हमने श्रीगंगानगर गैंगरेप मामले के आरोपियों को इस तरह की सजा दिए जाने से जुड़ी खबरों की तलाश की, लेकिन हमें ऐसी कोई विश्वसनीय रिपोर्ट नहीं मिली. स्पष्ट है कि अगर इस तरह की कोई घटना हुई होती, तो इसकी व्यापक मीडिया कवरेज होती. उपलब्ध खबरों के अनुसार इस मामले में अब तक 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
वीडियो यूपी के अलीगढ़ का है
वीडियो के कीफ्रेम को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें ऐसे कई पोस्ट मिले, जिनमें इसे मुहर्रम जुलूस के दौरान का बताया गया था. वीडियो को ध्यान से देखने पर भी स्पष्ट होता है कि यह किसी वास्तविक फांसी की घटना का नहीं है.
हमें इंस्टाग्राम पर इस आयोजन से जुड़े कई अन्य वीडियो भी मिले. एक वीडियो में ढोल-नगाड़ों के बीच कई और लोग भी अलग-अलग करतब दिखाते नजर आ रहे हैं. इसी वीडियो में दिखाई दे रही एक दुकान के बोर्ड पर हमें 'चंडौस, अलीगढ़' लिखा हुआ नजर आया, जिससे संकेत मिलता है कि वीडियो उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के चंडौस का है.
गूगल मैप पर इस स्थान के स्ट्रीट व्यू में वायरल वीडियो में दिख रही इमारत देखी जा सकती है, जिससे पुष्टि होती है कि यह जगह अलीगढ़ के चंडौस में स्थित है.
अब्बासी अखाड़े ने मुहर्रम जुलूस में दिखाया था करतब
एक दूसरे वीडियो में चारों को लटकाने से पहले का दृश्य भी देखा जा सकता है, जिसमें अब्बासी अखाड़ा, चंडौस लिखा टीशर्ट पहने सदस्य इस करतब की तैयारी करते नजर आते हैं. बैकग्राउंड में लोगों से इस 'फांसी वाले आइटम' को देखने की अपील भी की जा रही है. हालांकि इसके साथ दिए कैप्शन में भी भ्रामक दावा किया गया था.
हमें इंस्टाग्राम यूजर abbasi_king___1 के अकाउंट पर भी 26-27 जून को अपलोड किए गए इस आयोजन के कई वीडियो और व्लॉग भी मिले, जिनके मुताबिक ये वीडियो चंडौस में मुहर्रम जुलूस के दौरान अब्बासी अखाड़े द्वारा प्रस्तुत किए गए करतब के हैं.
अभ्यंक न्यूज नेटवर्क नाम के स्थानीय चैनल पर भी इस आयोजन से जुड़ी वीडियो रिपोर्ट देख सकते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक अलीगढ़ के चंडौस में मुहर्रम के अवसर पर 26 जून को जुलूस निकाला गया था. इस दौरान जुलूस में शामिल विभिन्न अखाड़ों के खिलाड़ियों ने हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया था.
यह भी पढ़ें -बरेली में मुहर्रम जुलूस में मुस्लिमों द्वारा लगाए गए 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे का सच


