फरीदाबाद में रेप के बाद महिला को कार से फेंकने के दावे से ब्राजील का वीडियो वायरल
बूम ने पाया कि वायरल वीडियो ब्राजील के Macapá का है. वीडियो में कैद यह घटना 28 मार्च 2026 की है, जहां एक महिला चलती गाड़ी से कूद गई थी.

सोशल मीडिया पर ब्राजील में चलती कार से एक महिला के गिरने का विचलित कर देने वाला वीडियो वायरल हो रहा है. इसको शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि हरियाणा के फरीदाबाद में एक महिला के साथ दुष्कर्म के बाद उसे चलती गाड़ी से फेंक दिया गया.
बूम ने जांच में पाया कि यह घटना ब्राजील के मकापा शहर की है, जहां 28 मार्च 2026 को एक महिला चलती गाड़ी से कूद गई थी.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
एक्स पर एक यूजर ने वीडियो को शेयर करते हुए इसके अंग्रेजी कैप्शन में लिखा, 'फरीदाबाद के CCTV फुटेज में एक महिला को 3 घंटे गैंग रेप के बाद चलती कार से फेंका गया. हालांकि आरोपी हिरासत में है लेकिन यह एक गंभीर चेतावनी है: राम राज्य में महिलाओं की सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं है.' आर्काइव लिंक यहां देखें.
इंस्टाग्राम और फेसबुक पर भी यूजर इस क्लिप को शेयर करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साध रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि बीजेपी शासित हरियाणा के फरीदाबाद में दुष्कर्म के बाद लड़की को चलती कार से सड़क पर फेंक दिया गया. आर्काइव लिंक यहां और यहां देखें.
पड़ताल में क्या मिला:
वीडियो ब्राजील का है
हमने वीडियो को अलग-अलग कीफ्रेम में बांटकर रिवर्स इमेज सर्च और संबंधित कीवर्ड सर्च की मदद से इसका विश्लेषण किया. इस प्रक्रिया में हमें ब्राजीलियाई न्यूज आउटलेट Cidade News के इंस्टाग्राम पर 29 मार्च 2026 का एक पोस्ट मिला.
इस पोस्ट में वायरल फुटेज दिखाया गया था और बताया गया था कि यह घटना 28 मार्च को ब्राजील के मकापा शहर के उत्तरी हिस्से में स्थित पैकोवाल (Pacoval) के माटो ग्रोसो स्ट्रीट (Mato Grosso Street) पर हुई थी.
आगे पुर्तगाली भाषा में संबंधित कीवर्ड सर्च करने पर हमें इस घटना से जुड़ी ब्राजीलियाई मीडिया की कुछ खबरें मिलीं. G1 की 30 मार्च 2026 की रिपोर्ट में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया गया कि संदिग्ध को हिरासत में ले लिया गया और पीड़िता को कई चोटों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया. संदिग्ध के अनुसार किसी बात पर हुई बहस के बाद पीड़िता गाड़ी से कूद गई. पीड़िता ने अस्पताल में दिए अपने बयान में भी इसी बात की पुष्टि की.
रिपोर्ट में आगे बताया गया कि पीड़िता के भाई और भाभी जोकि कार में मौजूद थे, ने ड्राइवर के बयान की पुष्टि की. आर्टिकल के अनुसार पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उसे ऐसा करने के लिए उकसाया गया था या नहीं. वहीं गाड़ी से बरामद गोला-बारूद को भी जब्त कर लिया गया है.
गूगल मैप्स पर हुई लोकेशन की पुष्टि
न्यूज रिपोर्ट में मौजूद जानकारी के आधार पर हम उस स्थान को जियोलोकेट करने में सक्षम थे, जहां महिला ने गाड़ी से छलांग लगाई थी.


