बंगाल चुनाव: वोटिंग के दिन TMC कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई के दावे से पुराना वीडियो वायरल
बूम ने पाया कि वायरल वीडियो जुलाई 2023 का है. इसका पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से कोई संबंध नहीं है.

सोशल मीडिया पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के बैनर के साथ सड़क किनारे बैठे दो लोगों का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस अधिकारी उन्हें थप्पड़ मारते और उनपर लाठीचार्ज करते नजर आ रहे हैं.
यह पुराना वीडियो इस झूठे दावे से शेयर किया जा रहा है कि यह पश्चिम बंगाल में मतदान के दिन प्रचार कर रहे टीएमसी कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को दर्शाता है.
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल को पहले चरण का मतदान हुआ था. दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होना है जबकि नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे. राज्य में फिलहाल आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) लागू है.
वायरल दावा क्या है?
यह वीडियो एक्स पर इस कैप्शन के साथ साझा किया जा रहा है कि "तृणमूल कांग्रेस के कुछ शांतिप्रिय कार्यकर्ता मतदान केंद्रों के पास सड़कों पर बैठकर तृणमूल के लिए प्रचार कर रहे हैं. फिर देखिए क्या हुआ."
हमने क्या पाया:
1) वीडियो 2023 का है
हमने वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस का उपयोग करके रिवर्स इमेज सर्च किया. इसके जरिए पता चला कि वीडियो 2023 का है और इसका पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से कोई संबंध नहीं है.
वीडियो को Popular Halliday ganj नाम के फेसबुक पेज द्वारा 29 जुलाई 2023 को पोस्ट किया गया था.
रिपोर्ट के साथ मौजूद डिस्क्रिप्शन में लिखा था, "पंचायत चुनाव 2023: कल रात बासंती में बम विस्फोट के आरोप. चुनाव वाले दिन सुबह सड़क किनारे बम बरामद किया गया. इलाके में दहशत का माहौल है. स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए मौके पर पुलिस तैनात है. भीड़ देखते ही कार्रवाई. लोगों को लाठियों से खदेड़ा. वर्दीधारियों को लोगों से मारपीट करते भी देखा गया." (बंगाली से हिंदी अनुवाद)


