फैक्ट चेक: हिंदू शादी में डीजे बंद करवाने के गलत सांप्रदायिक दावे से वीडियो वायरल
बूम ने पाया कि वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है. वीडियो में दिख रहे लोग हिंदू नहीं बल्कि मुस्लिम परिवार से डीजे को 'हराम' बताते हुए उसे बंद करने की अपील कर रहे थे.

सोशल मीडिया पर एक वीडियो इस दावे के साथ वायरल है कि कुछ मुस्लिम हिंदू शादी में पहुंचकर डीजे बंद करवा रहे हैं. इस वीडियो में मुस्लिम समुदाय के लोग शादी वाले घर में जाकर डीजे को हराम बताते हुए उसे बंद करने की अपील करते नजर आ रहे हैं.
बूम ने फैक्ट चेक में पाया कि वीडियो के साथ किया जा रहा दावा भ्रामक है. वीडियो उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ का है. इसमें दिख रहे लोग किसी हिंदू नहीं बल्कि मुस्लिम परिवार से डीजे बंद करने की अपील कर रहे थे.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
एक्स पर एक वेरिफाइड यूजर ने वीडियो शेयर करते हुए सांप्रदायिक दावा किया और लिखा, "जहां इनकी आबादी बढ़ी वहां शरीयत लागू, देखिए कैसे खुलेआम हिंदुओं की शादी में DJ बंद करवाया जा रहा है..."
वहीं एक अन्य यूजर ने भी इसी तरह का दावा करते हुए लिखा, "हमारी हिम्मत देखिए हम खुलेआम हिंदुओं की शादी में DJ बंद करवा सकते हैं. क्या किसी हिंदू में दम है कि अजान बंद करवा सके..."
आर्काइव लिंक यहां और यहां देखें.
पड़ताल में क्या मिला:
वीडियो के साथ किया गया सांप्रदायिक दावा गलत है
रिवर्स इमेज सर्च की मदद से हमें Tabligi Shan नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 28 मार्च 2026 का पोस्ट किया गया मूल वीडियो मिला. मूल वीडियो में देखा जा सकता है कि डीजे बंद करवाने पहुंचे व्यक्ति शादी वाले घर में प्रवेश करते समय एक सदस्य को सलमान कहकर हाल-चाल पूछते हैं. इसके बाद वह परिवार के लोगों से डीजे को इस्लाम में हराम बताते हुए उसे बंद करने की गुजारिश करते हैं.
हमने पाया कि Tabligi Shan के इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस तरह के कई वीडियो मौजूद हैं, जिनमें ये लोग मुस्लिम घरों में जाकर म्यूजिक बंद करवाते देखे जा सकते हैं. यहां, यहां, यहां और यहां देखें.
एक वीडियो में Tabligi Shan से जुड़े लोगों को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि अलीगढ़ शहर के भीतर उलेमा इकराम ने यह तंजीम चलाई है कि जिन शादियों में डीजे बजाया जाएगा और बारात चढ़ा कर लाई जाएगी, वहां निकाह नहीं पढ़ाया जाएगा. एक अन्य वीडियो में यह भी बताया गया कि वह हिंदू नहीं सिर्फ मुस्लिम घरों में डीजे बंद करवाते हैं.
इनके फेसबुक और यूट्यूब चैनल पर भी ये वीडियो देखे जा सकते हैं.
Tabligi Shan ने किया वायरल दावे का खंडन
वीडियो वायरल होने के बाद Tabligi Shan ने अपने सोशल मीडिया पर इसका खंडन करते हुए दो वीडियो जारी किए. जिसमें उन्होंने बताया कि उनके वीडियो को गलत तरीके से यह कहकर चलाया जा रहा है कि हिंदुओं के यहां डीजे बंद कराया जा रहा है, जबकि उनका काम अलीगढ़ शहर में सिर्फ मुस्लिम शादियों के भीतर डीजे जैसी खुराफातों को रोकना है.
दूसरे वीडियो में उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस दरवाजे पर वे डीजे बंद कराने गए थे, वह मुस्लिम परिवार का घर था. जिस लड़के की शादी थी उसका नाम मोहम्मद शाहनवाज और उसके पिता का नाम छोटे खां था, जोकि अलीगढ़ के तेलीपाड़ा, गली नंबर 5 के रहने वाले हैं.
पुष्टि के लिए हमने Tabligi Shan से भी संपर्क किया. इससे जुड़े शान मोहम्मद ने बूम से बातचीत में बताया कि उनके बारे में झूठी अफवाह फैलाई जा रही है. उन्होंने कहा कि यह वीडियो अलीगढ़ का है. उन लोगों का काम किसी अन्य समुदाय के बीच नहीं बल्कि मुस्लिम समुदाय के भीतर ही है. इसके तहत वे लोग मुस्लिम आयोजनों में डीजे आदि का इस्तेमाल बंद करने की अपील करते हैं. उन्होंने यह भी बताया कि यह उनके ही इलाके में आयोजित एक शादी थी, जहां वे गए थे.



