फैक्ट चेक: खान सर को अरेस्ट करने आए पुलिसकर्मी ने उनके साथ बनाया वीडियो? जानिए सच
बूम ने वीडियो में दिख रहे सब इंस्पेक्टर सुशांत यादव से संपर्क किया जिन्होंने वायरल दावे का खंडन करते हुए बताया कि उन्होंने साल 2024 में यह वीडियो रिकॉर्ड किया था.

पटना सिविल कोर्ट ने फायरिंग मामले में खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसके साथ दावा किया जा रहा है कि खान सर को गिरफ्तार करने पहुंचे पुलिसकर्मी उनके साथ वीडियो बना रहे हैं.
बूम ने पाया कि वीडियो पुराना है और साल 2025 में इसे इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया था. हमने वीडियो में दिख रहे सब इंस्पेक्टर की पहचान की जिनका नाम सुशांत यादव है, जोकि खान सर के स्टूडेंट भी रह चुके हैं. सुशांत ने बूम को बताया कि उन्होंने यह वीडियो खान सर की कोचिंग में 2024 में शूट किया था.
सोशल मीडिया पर यह वीडियो फैजल खान उर्फ खान सर की कोचिंग सेंटर के बाहर शूटिंग विवाद से जोड़कर शेयर किया जा रहा है. गौरतलब है कि 2 जून की रात पटना स्थित खान ग्लोबल स्टडीज के कोचिंग सेंटर पर हमला हुआ था. इस मामले प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान ज्ञान बिंदु के संचालक रौशन आनंद को गिरफ्तार किया गया है.
इसके बाद इसी से जुड़े एक अन्य मामले में खान सर और उनके सुरक्षागार्डों पर भी केस दर्ज है.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
इस वीडियो को यूपीएससी टीचर और कंटेट क्रिएटर अमित किल्होर ने इस दावे के साथ शेयर किया था कि खान सर को पकड़ने गए पुलिसकर्मी उनके छात्र थे और उनके साथ वीडियो बना रहे थे.
सोशल मीडिया पर कई और यूजर ने भी वीडियो को इसी दावे से शेयर किया है. आर्काइव लिंक यहां देखें.
पड़ताल में क्या मिला:
वायरल वीडियो पुराना है
हमने पाया कि इस मामले में अबतक खान सर की गिरफ्तारी नहीं हुई है. आगे रिवर्स इमेज और संबंधित कीवर्ड सर्च करने पर हमें सब इंस्पेक्टर सुशांत यादव के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मूल वीडियो मिला. सुशांत यादव ने यह वीडियो 25 दिसंबर 2025 को शेयर किया था. इसके साथ हिंदी कैप्शन में उन्होंने लिखा, 'खान सर के साथ दरोगा बनने के बाद.'
हमें सुशांत यादव की प्रोफाइल पर एक और पोस्ट मिला जिसमें वायरल वीडियो जैसी ही बैकग्राउंड दिख रही है. इसमें वह एक सोफे पर खान सर के साथ बैठे नजर आ रहे हैं जिसके पीछे 'खान ग्लोबल स्टडीज' लिखा है.
वीडियो बनाने वाले एसआई ने किया वायरल दावे का खंडन
वीडियो के संबंध में अधिक जानकारी के लिए पटना के रिपोर्टर उमेश कुमार राय ने सुशांत यादव से संपर्क किया. सुशांत यादव ने बातचीत में वायरल दावे को फेक बताया और कहा, "यह वीडियो उस समय का है जब सब-इंस्पेक्टर बनने के बाद एक सम्मान समारोह में मैं खान सर से मिला था और उन्हें मिठाई दी थी. यह वीडियो मैंने 2024 में रिकॉर्ड किया था और दिसंबर 2025 में इंस्टाग्राम पर शेयर किया था." सुशांत यादव ने बताया कि वह फिलहाल बिहार के बेगूसराय जिले में तैनात हैं.


