त्रिपुरा में BSF की कार्रवाई के दावे से बांग्लादेश का वीडियो वायरल
बूम ने पाया कि वायरल वीडियो ढाका के मीरपुर का है, जहां 1 नवंबर 2026 को वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे गारमेंट कर्मचारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई थी.

सोशल मीडिया पर त्रिपुरा में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों की कार्रवाई के दावे से एक वीडियो वायरल है. वीडियो में सुरक्षाकर्मी एक शख्स की पिटाई करते और फिर उसे पकड़कर ले जाते दिखाई देते हैं. कहा जा रहा है कि त्रिपुरा में कुछ मुस्लिमों द्वारा जवानों पर हमला किए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई.
बूम ने पाया कि वीडियो के साथ गलत दावा किया जा रहा है. वीडियो त्रिपुरा का नहीं बल्कि बांग्लादेश की राजधानी ढाका के मीरपुर इलाके का है. यहां गारमेंट फैक्ट्री के कर्मचारी वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे. इस दौरान 1 नवंबर 2026 को प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई थी.
गौरतलब है कि 2 नवंबर को त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में एंटी-स्मगलिंग ऑपरेशन के दौरान एक व्यक्ति को हिरासत में लिए जाने के बाद स्थानीय लोगों और BSF जवानों के बीच झड़प हो गई. इस घटना में BSF के चार जवान घायल हो गए, जिसके बाद इलाके में तनाव बढ़ गया. त्रिपुरा पुलिस ने मामले में करीब नौ लोगों को गिरफ्तार किया है.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
इस घटना से जोड़कर एक्स पर एक असंबंधित वीडियो सांप्रदायिक दावे के साथ शेयर किया गया और लिखा गया कि त्रिपुरा में एक दिन पहले कुछ 'जिहादियों' ने BSF जवानों पर हमला किया था, जिसके जवाब में त्रिपुरा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी.
पड़ताल में क्या मिला:
वीडियो बांग्लादेश का है
हमें बांग्लादेशी चैनल Bd Live.com24 के फेसबुक पेज पर 1 नवंबर 2026 को पोस्ट किया गया मूल वीडियो मिला. इसके कैप्शन के मुताबिक वीडियो में गारमेंट कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई दिखाई गई है.
हमने गौर किया कि वीडियो में सुरक्षाकर्मी बांग्लादेश पुलिस की वर्दी पहने हुए हैं. इससे पुष्टि होती है कि वीडियो बांग्लादेश का है.
पड़ताल में हमें घटना से जुड़ी अन्य वीडियो रिपोर्ट भी मिलीं, जिनमें वायरल वीडियो में दिख रहे शख्स को भी देख सकते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना ढाका के मीरपुर इलाके की है, जहां गारमेंट वर्कर्स को डीटेन किया जा रहा था. यहां और यहां देखें.
गारमेंट फैक्ट्री के कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
असल में मीरपुर में 29 अक्टूबर से गारमेंट फैक्ट्री के कर्मचारी न्यूनतम मासिक वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे. एक नवंबर को मीरपुर-10 चौराहे पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कर्मचारियों के बीच झड़प हो गई. पुलिस ने लाठीचार्ज, आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. इसके बाद मीरपुर-11 में एक पुलिस वाहन में भी आग लगा दी गई. इस दौरान पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया.
हमने गूगल मैप्स पर मीरपुर स्थित इस लोकेशन को जियोलोकेट भी किया. गूगल स्ट्रीट व्यू में वायरल वीडियो वाली उन्हीं इमारतों को देख सकते हैं.


