नशे की हालत में दिख रहे युवकों का यह वीडियो पंजाब नहीं, राजस्थान का है
बूम ने पाया कि आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए हरभजन सिंह द्वारा शेयर किया गया वीडियो राजस्थान के श्रीगंगानगर का है. श्रीगंगानगर पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को पूछताछ के लिए डिटेन किया है.

पूर्व क्रिकेटर और बीजेपी के राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह द्वारा पंजाब में नशे की समस्या को लेकर शेयर किए गए एक वीडियो ने राजनीतिक गलियारों में इसकी बहस तेज कर दी. दरअसल हरभजन सिंह ने कथित तौर पर नशे की हालत में दिख रहे दो लोगों का वीडियो शेयर कर इसे पंजाब का बताते हुए आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधा.
हालांकि जांच के दौरान पाया गया कि वीडियो पंजाब का नहीं बल्कि बीजेपी शासित राजस्थान के श्रीगंगानगर का है. पंजाब पुलिस ने भी इसका खंडन करते हुए कहा कि वीडियो का पंजाब से कोई लेना-देना नहीं है.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
वीडियो में दो लोग एक पेट्रोल पंप के पास सड़क पर नशे में झूमते दिख रहे हैं. हरभजन सिंह ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर वीडियो को शेयर करते हुए इसके पंजाबी कैप्शन में लिखा कि पंजाब को किस हाल में पहुंचा दिया गया है? वही पंजाब जो कभी अपने जोश, हिम्मत और बहादुरी के लिए जाना जाता था- आज उसी पंजाब के युवा नशे की गिरफ्त में हैं.
हरभजन सिंह के शेयर करने के बाद यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया. कई अन्य यूजर्स ने भी इसे पंजाब में नशे की समस्या दिखाने वाला वीडियो बताते हुए इसमें नजर आ रहे लोगों को 'जॉम्बी ड्रग' से पीड़ित बताया.
पड़ताल में क्या मिला:
वीडियो राजस्थान के श्रीगंगानगर का है
रिवर्स इमेज सर्च की मदद से पड़ताल करने पर हमें Fahte_singh नाम के एक इंस्टाग्राम यूजर के अकाउंट पर 9 अगस्त का पोस्ट किया गया यह वीडियो मिला. इस यूजर द्वारा शेयर किए गए वीडियो में स्पष्ट तौर पर वीडियो की तारीख 7 अगस्त 2026 और स्थान श्रीगंगानगर अंकित है. (आर्काइव लिंक)
हमने पाया कि Fahte_singh ने अपने अकाउंट पर इससे मिलता-जुलता एक और वीडियो 7 अगस्त को भी पोस्ट किया था. (आर्काइव लिंक)
मीडिया रिपोर्ट में मौजूद है श्रीगंगानगर पुलिस का बयान
आगे हमने इस वीडियो से संबंधित मीडिया रिपोर्ट की तलाश की. रिपोर्ट में पुष्टि की गई कि वीडियो श्रीगंगानगर के जस्सा सिंह मार्ग स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास शूट किया गया था.
न्यूज18 राजस्थान, आजतक और दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक शुरुआत में श्रीगंगानगर पुलिस ने वीडियो से इनकार किया था. हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले पर संज्ञान लेते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया.
न्यूज 18 राजस्थान की रिपोर्ट में श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक हरिशंकर का बयान भी शामिल है, जिसमें उन्होंने बताया कि वीडियो बनाने वाले व्यक्ति से पूछताछ की गई और वीडियो में दिख रहे दोनों लोगों, योगेश (30) और जोगिंदर (27) को हिरासत में लिया गया. बयान में उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दोनों ने 'जॉम्बी ड्रग' नहीं बल्कि प्रतिबंधित प्रीगाबालिन कैप्सूल का सेवन किया था.
खबरों के अनुसार दोनों युवक मजदूरी करने के बाद 'जॉम्बी ड्रग' के नशे में होने की एक्टिंग कर रहे थे. दैनिक भास्कर की रिपोर्ट में युवकों का बयान भी मौजूद है, जिसमें उन्होंने बताया है कि वे सिर्फ एक कैप्सूल लेते हैं और वे पेट्रोल पंप के सामने नशे में होने का नाटक कर रहे थे.
पंजाब पुलिस ने किया खंडन
दूसरी तरफ पंजाब पुलिस ने भी हरभजन सिंह द्वारा शेयर किए गए वीडियो का खंडन करते हुआ बताया कि वीडियो राजस्थान के श्रीगंगानगर का है, पंजाब का नहीं. इसका पंजाब पुलिस से कोई लेना-देना नहीं है.


