पीएम मोदी ने कांग्रेस नेताओं को कहा बेलगाम? पुराना वीडियो हालिया बताकर वायरल
वायरल वीडियो हाल का नहीं बल्कि पुराना है. 22 फरवरी 2026 को मेरठ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने AI समिट में यूथ कांग्रेस के शर्टलेस प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस की आलोचना की थी.

सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह कांग्रेस की आलोचना करते नजर आ रहे हैं. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों से जोड़कर इसे हालिया बताते हुए दावा किया जा रहा है कि पीएम मोदी ने कांग्रेस नेताओं को बेलगाम और सरफिरे कहा.
बूम ने पाया कि वायरल वीडियो हाल का नहीं बल्कि फरवरी 2026 का है. तब पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक जनसभा को संबोधित किया था. इस दौरान उन्होंने AI समिट में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए शर्टलेस प्रदर्शन की आलोचना की थी और उन्हें बेलगाम और सरफिरे कहा था.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
वीडियो में पीएम मोदी कहते नजर आते हैं, "सरफिरे नेता...कांग्रेस के बेलगाम नेता देश को तबाह करने पर तुले हुए हैं. अगर आपको प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठना है तो पहले आपको जनता के दिल जीतने पड़ेंगे. महिला एमपी को भेजकर सीट पर कब्जा करने से आप प्रधानमंत्री नहीं बन सकते हो. माताओं-बहनों को इस प्रकार आगे करने की क्या मजबूरी है आपकी? क्या इतने खोखले हो गए हो तुम?.."
एक एक्स यूजर ने पीएम मोदी के इस पुराने बयान को ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और रिजीम चेंज को लेकर हो रही बयानबाजी से जोड़कर शेयर किया और दावा किया कि यह आक्रामक रुख CJP और कांग्रेस को भारी पड़ेगा. गंदी राजनीति के लिए भारत में अराजकता फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ प्रधानमंत्री पूरे गुस्से में हैं!
फेसबुक पर भी वीडियो को हालिया बताते हुए दावा किया गया कि पीएम मोदी ने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्हें बेलगाम और सरफिरे कहा.
आर्काइव लिंक यहां और यहां देखें.
पड़ताल में क्या मिला:
वीडियो फरवरी 2026 का है
पड़ताल के दौरान हमें भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 22 फरवरी 2026 को लाइव किया गया मूल वीडियो मिला. उस दिन प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक जनसभा को संबोधित किया था और करीब 12,930 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की थी.
AI समिट में यूथ कांग्रेस द्वारा किए गए प्रोटेस्ट पर था निशाना
लगभग एक घंटे के मूल वीडियो में 50 मिनट के बाद पीएम मोदी दिल्ली में आयोजित AI समिट में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए शर्टलेस प्रदर्शन की आलोचना करते हैं. वह कहते हैं कि कांग्रेस की वजह से बाकी विपक्षी पार्टियों को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है.
वह कांग्रेस पर देश को बदनाम करने का आरोप लगाते हुए कहते हैं, "दिल्ली में जो हुआ, क्या उसमें टीएमसी के लोगों ने पाप किया है? नहीं किया है. डीएमके के लोगों ने पाप किया है? नहीं किया है. बसपा के लोगों ने पाप किया है? नहीं किया है. फारूक अब्दुल्ला जी की पार्टी ने पाप किया है? नहीं किया है. सिर्फ और सिर्फ सरफिरे नेता, कांग्रेस के बेलगाम नेता देश को तबाह करने पर तुले हुए हैं."
दरअसल दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित AI समिट के दौरान 20 फरवरी 2026 को यूथ कांग्रेस के करीब 10 कार्यकर्ताओं ने यूएस ट्रेड डील का विरोध करते हुए अपनी टी-शर्ट उतार दी थी. इस मामले में यूथ कांग्रेस के पांच कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया गया था. इसी के मद्देनजर पीएम मोदी ने मेरठ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर हमला बोला था.



