भरत तिवारी एनकाउंटर से जोड़कर सीएम योगी आदित्यनाथ का पुराना वीडियो वायरल
बूम ने पाया कि वीडियो 3 फरवरी 2026 का है, तब उत्तर प्रदेश फार्मा कॉन्क्लेव 1.0 में एनकाउंटर का समर्थन करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि पुलिस गोली नहीं चलाए तो क्या गोली खाए.

सोशल मीडिया पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक पुराना वीडियो भरत तिवारी एनकाउंटर से जोड़कर वायरल किया जा रहा है. इस वीडियो में मुख्यमंत्री योगी पुलिस एनकाउंटर का समर्थन करते नजर आ रहे हैं.
बूम ने पाया कि यह वीडियो 3 फरवरी 2026 का है. उत्तर प्रदेश फार्मा कॉन्क्लेव 1.0 के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान एनकाउंटर के समर्थन में बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि पुलिस गोली न चलाए तो क्या गोली खाए.
बिहार के भोजपुर जिले में 17 जून को पुलिस मुठभेड़ में हुई 28 वर्षीय भरत भूषण तिवारी की मौत के बाद राज्य में सियासी विवाद छिड़ गया. घटना के बाद से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए जा रहे हैं.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
फेसबुक पर वायरल 31 सेकंड के इस वीडियो में सीएम योगी कह रहे हैं, "..पुलिस ने गोली क्यों मार दी? अगर पुलिस गोली ना मारे तो क्या पुलिस गोली खाए? अगर उस अपराधी को गोली चलाने की स्वतंत्रता है तो पुलिस के पास भी हमने इसीलिए पिस्तौल दी है कि वह भी उसका मुकाबला करे. उसका प्रशिक्षण इसी बात के लिए हो रखा है और उसको (अपराधी को) जिस भाषा में समझे, उस भाषा में समझाने का काम करे.
यूजर्स योगी आदित्यनाथ के इस पुराने वीडियो को भरत तिवारी एनकाउंटर पर उनकी प्रतिक्रिया बताकर साझा कर रहे हैं. (आर्काइव लिंक)
पड़ताल में क्या मिला:
वायरल वीडियो चार महीने पुराना है
इस बयान से संबंधित कीवर्ड सर्च करने पर हमें आजतक और लाइव हिंदुस्तान के यूट्यूब चैनल पर 3 फरवरी 2026 का अपलोड किया हुआ मूल वीडियो मिला, जो बताता है कि वीडियो हाल का नहीं है.
वीडियो के साथ दी गई जानकारी के अनुसार योगी आदित्यनाथ ने यह बयान 3 फरवरी को लखनऊ में आयोजित उत्तर प्रदेश फार्मा कॉन्क्लेव में दिया था.
सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश फार्मा कॉन्क्लेव में दिया था बयान
तब उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ एक्शन में एनकाउंटर का पक्ष लेते हुए सीएम योगी ने कहा था कि अपराधियों के एनकाउंटर पर लोग टिप्पणी करते हैं कि पुलिस ने गोली क्यों मार दी. पुलिस गोली नहीं चलाएगी तो क्या गोली खाएगी. उनका कहना था कि अगर अपराधी के पास गोली चलाने की स्वतंत्रता है तो पुलिस को भी इसीलिए पिस्तौल दी जाती है कि वह अपराधी का सामना करे.
उस समय दैनिक जागरण, एबीपी न्यूज और एनडीटीवी समेत कई मीडिया संस्थानों ने मुख्यमंत्री योगी द्वारा फार्मा कॉन्क्लेव 1.0 में दिए गए इस बयान से संबंधित खबरें प्रकाशित की थीं.
मुख्यमंत्री योगी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर कार्यक्रम का लाइव वीडियो भी मौजूद है, जिसमें 1 घंटे 51 मिनट पर वायरल बयान वाला हिस्सा देखा जा सकता है.



