राजस्थान गैंगरेप पीड़िता की मौत नहीं हुई, असंबंधित वीडियो हो रहे वायरल
बूम ने पाया कि पीड़िता के नाम पर वायरल हो रहे ज्यादातर वीडियो पुराने और अलग-अलग घटनाओं से संबंधित हैं.

राजस्थान के श्रीगंगानगर में एक नाबालिग के साथ हुई सामूहिक बलात्कार की घटना से जोड़कर सोशल मीडिया पर पीड़िता के नाम से कई असंबंधित वीडियो वायरल किए जा रहे हैं.
बूम ने ऐसे तीन वीडियो और एक तस्वीर की जांच की और पड़ताल में पाया कि ये सभी अलग-अलग घटनाओं से जुड़े हैं. इनमें दिखाई दे रही युवतियां श्रीगंगानगर मामले की पीड़िता नहीं हैं.
दावा एक: इस वायरल वीडियो में एक युवती स्ट्रेचर पर लेटी हुई दिखाई दे रही है. वहीं कई डॉक्टर उस पर फूल बरसाते हुए उसको ले जाते नजर आ रहे हैं. इसे हालिया श्रीगंगानगर घटना से जोड़ते हुए एक यूजर ने लिखा, 'राजस्थान में दरिंदगी का शिकार हुई 13 साल की मासूम बच्ची ने आखिरकार दम तोड़ दिया.' (आर्काइव लिंक)
दावा दो: एक अन्य वीडियो को भी हालिया बताकर शेयर करते हुए एक यूजर ने दावा किया, '13 साल की मासूम बच्ची की हत्या 5 दिन ICU में रहने के बाद मौत. यह अपने पीछे कई सवाल छोड़ गई.' (आर्काइव लिंक)
दावा तीन: अस्पताल के बेड पर पड़ी एक लड़की के वीडियो को भी शेयर करते हुए दावा किया गया कि यह श्रीगंगानगर की पीड़िता है, जो अपने आखिरी बयान में कह रही है कि "सब चाहते हैं मैं मर जाऊं.". (आर्काइव लिंक)
दावा चार: इस क्रम में एक तस्वीर भी वायरल हो रही है, जिसे श्रीगंगानगर की पीड़िता का बताया जा रहा है. तस्वीर गुलाबी रंग की शर्ट पहने एक लड़की की है, जिसमें नीचे उसका नाम अंकित है. (आर्काइव लिंक)
पड़ताल क्या मिला:
श्रीगंगानगर पीड़िता की मौत नहीं हुई
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में चार दिनों तक बंधक बनाकर गैंगरेप का शिकार हुई 13 वर्षीय बच्ची के मामले में पुलिस अब तक 18 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. श्रीगंगानगर पुलिस ने वायरल हो रहे दावों का खंडन करते हुए स्पष्ट किया है कि पीड़िता सकुशल अपने परिवार के पास सुरक्षित है.
नीचे हमने इस घटना से जोड़कर शेयर किए जा रहे चार फुटेज का फैक्ट चेक किया है.
1. पहला वीडियो गुजरात से है
पहले वीडियो को ध्यान से देखने पर हमें पीछे लगे बोर्ड पर गुजराती भाषा में कुछ शब्द लिखे दिखाई दिए. यहां से हिंट लेकर हमने गुजराती में कुछ कीवर्ड सर्च किए. इसके जरिए एक स्थानीय न्यूज चैनल के फेसबुक पेज पर 18 जून का अपलोड किया गया यह वीडियो मिला.
इसके साथ दी गई जानकारी के मुताबिक यह वीडियो 25 वर्षीय महिला काजलबेन के अंगदान से जुड़ा है. डीडी न्यूज गुजराती के फेसबुक पेज पर भी इसकी रिपोर्ट देखी जा सकती है.
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गांधीनगर सिविल हॉस्पिटल में ब्रेन-डेड घोषित किए जाने के बाद काजलबेन के परिवार ने अंगदान का फैसला लिया था. काजलबेन अपने दो बेटों के साथ नहर में कूद गई थीं, जिसमें उनके 6 वर्षीय बेटे की मौत हो गई. वहीं 17 जून को इलाज के दौरान उन्हें भी ब्रेन-डेड घोषित कर दिया गया.
2. दूसरा वीडियो उत्तराखंड से है
कई इंस्टाग्राम पोस्ट में इस वीडियो को उत्तराखंड के उधमसिंह नगर का बताया गया था. पोस्ट के अनुसार मामला उधमसिंह नगर के जसपुर स्थित अमियावाला गांव का है, जहां एक 14 वर्षीय बच्ची की कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी.
हमें इस घटना पर ABP Ganga की 17 जून 2025 की वीडियो रिपोर्ट भी मिली. रिपोर्ट में बताया गया कि उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले के कोतवाली जसपुर क्षेत्र में 13 वर्षीय एक बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी. उसका खून से लथपथ शव पास के गन्ने के खेत में मिला था, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़कों पर उतर आए. पुलिस ने इस मामले में 12 घंटे के भीतर आरोपी राजीव को गिरफ्तार कर लिया था.
3. तीसरा वीडियो उत्तर प्रदेश से है
दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट में हमें अस्पताल के बेड पर पड़ी बच्ची का यह वीडियो मिला. रिपोर्ट के मुताबिक यह वीडियो उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के बिलग्राम थाना क्षेत्र का है, जहां 11 वर्षीय दलित बच्ची के अपहरण और कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया था.
खबरों में बताया गया कि हरदोई के इस मामले में भीम आर्मी और बच्ची के परिजनों ने पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया था. हरदोई पुलिस के आधिकारिक एक्स हैंडल पर भी इससे संबंधित पोस्ट देखा जा सकता है.
4. वायरल तस्वीर में दिख रही लड़की श्रीगंगानगर की पीड़िता नहीं है
पीड़िता के नाम पर वायरल हो रही तस्वीर को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें एक इंस्टाग्राम पोस्ट मिला. इस पोस्ट में वायरल तस्वीर का मूल वर्जन था, जिसमें लड़की की मृत्यु की तारीख 24 मई 2026 दर्ज थी, जबकि श्रीगंगानगर की पीड़िता 18 जून को लापता हुई थी और 22 जून को रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुलिस ने उसे बरामद किया था.



