नेपाल में बलात्कारियों को फांसी पर लटकाने के दावे से म्यूजिक वीडियो का सीन वायरल
बूम ने पाया कि वीडियो मनकीरत औलख और अक्षरा सिंह के हरियाणवी गाने 'डिफेंडर' का एक सीन है.

सोशल मीडिया पर नेपाल में हिंदू लड़की से दुष्कर्म के दोषी तीन मुस्लिम युवकों को सरेराह फांसी देने के गलत सांप्रदायिक दावे से एक म्यूजिक वीडियो का दृश्य वायरल हो रहा है.
बूम ने जांच में पाया कि यह कोई वास्तविक घटना नहीं बल्कि हरियाणवी गाने 'डिफेंडर' का एक सीन है, जिसे सांप्रदायिक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है.
सोशल मीडिया पर यह सांप्रदायिक दावा बड़े पैमाने पर वायरल है. अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर एक स्क्रीनशॉट शेयर किया गया, जिसमें एक खुली जगह में तीन लोगों को रस्सी से लटकाते हुए दिखाया गया है.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
एक्स पर इसे नेपाल की घटना बताकर लोगों ने दावा किया कि नेपाल में समुदाय विशेष के बलात्कारियों को सार्वजनिक रूप से फांसी पर टांग दिया गया. (आर्काइव लिंक)
फेसबुक पर यूजर ने इसके एक कैप्शन में दावा किया कि हिंदू लड़कियों से दुष्कर्म करने वाले तीन मुस्लिम आरोपियों को हिंदुओं ने गुस्से में राम मंदिर के सामने फांसी पर लटका दिया. (आर्काइव लिंक)
कुछ दिन पहले इस स्क्रीनशॉट का वीडियो भी वायरल था. ज्यादातर यूजर ने इसे नेपाल की घटना बताते हुए कहा था कि अगर भारत में ऐसा होने लगे तो बलात्कार की घटनाएं कम हो जाएंगी. (आर्काइव लिंक)
पड़ताल में क्या मिला:
वायरल दावे से जुड़ी कोई रिपोर्ट मौजूद नहीं है
हमने नेपाल में वायरल वीडियो जैसी किसी घटना से जुड़ी खबरों की तलाश की, लेकिन हमें दुष्कर्म के आरोपियों को सार्वजनिक रूप से फांसी दिए जाने की कोई विश्वसनीय रिपोर्ट नहीं मिली.
वीडियो में है विसंगतियां
हमने वायरल स्क्रीनशॉट और वीडियो को गौर से देखा तो इसमें कुछ विसंगतियां नजर आईं. वीडियो की शुरुआत में आसपास लाइटिंग दिखाई देती है. साथ ही फांसी पर लटकाए जा रहे लोगों के पीछे सपोर्ट के लिए रस्सी बंधी है और दर्शक दीर्घा का माहौल भी परिस्थितियों के अनुरूप नहीं लगता. इसका मतलब था कि यह किसी असली फांसी का वीडियो नहीं बल्कि किसी शूटिंग का हिस्सा हो सकता है.
यह म्यूजिक वीडियो का एक सीन है
हमने पाया कि वायरल दावे के कमेंट सेक्शन में भी कई यूजर्स ने इसे शूटिंग का दृश्य बताया था. एक यूजर ने मूल वीडियो का स्क्रीनशॉट शेयर किया, जिसके मुताबिक यह मनकिरत औलख के गाने 'डिफेंडर' का विजुअल है.
आगे हमें Ishtar Punjabi के यूट्यूब चैनल पर इस गाने का पूरा वीडियो मिला जिसमें दो मिनट के करीब यह दृश्य देखा जा सकता है. इस दृश्य में नायक मनकीरत औलख को नायिका अक्षरा सिंह पर हमला करने वाले गुंडों को सजा देते और खुलेआम फांसी पर लटकाते दिखाया गया है. वीडियो के अंत में नायक को आईएएस अफसर और लटकाए गए तीनों लोगों को आतंकी बताया गया है.
वीडियो पटियाला का है
रिवर्स इमेज सर्च की मदद से हमें यूट्यूब पर एक वीडियो मिला, जिससे पता चला कि वायरल वीडियो में दिख रही इमारत किला मुबारक है जो पंजाब के पटियाला में स्थित है. गूगल मैप्स पर भी इस लोकेशन की पुष्टि होती है. Ishtar Punjabi के यूट्यूब चैनल पर इस गाने क डिस्क्रिप्शन में भी लोकेशन की जगह Qila Patiala का जिक्र है.



