मुलायम ने नहीं कहा था- गांव का बूथ हारने पर भी अखिलेश को बनाया CM, जानें सच
बूम ने पाया कि मुलायम सिंह यादव अपने भाषण में अखिलेश यादव के फैसले की आलोचना करते हुए यह कह रहे हैं कि उन्होंने ऐसे लोगों को भी बड़े पदों पर बैठा दिया, जो अपने अपने गांव के बूथ हार गए थे.

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच दिवंगत सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह मंच से एक सभा को संबोधित करते नजर आ रहे हैं.
दावा किया जा रहा है कि इस पुराने भाषण में मुलायम सिंह यादव ने कहा था कि उन्होंने अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाया था जबकि वह अपने गांव के पोलिंग बूथ तक हार गए थे.
बूम ने पाया कि मुलायम सिंह यादव का यह वीडियो साल 2017 का है. तब उन्होंने अपने जन्मदिन के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में यह कहा था कि अखिलेश ने ऐसे लोगों को बड़े पदों पर बैठा दिया, जो इसके योग्य नहीं थे.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
एक्स पर एक यूजर ने वीडियो के साथ दावा किया कि 'मुलायम सिंह ने कहा था कि हमने अखिलेश को मुख्यमंत्री बना दिया, जबकि वो अपने ही गांव की पोलिंग हार गए थे.'
एक अन्य एक्स यूजर ने इसका साथ लिखा, 'जो बड़बोले अखिलेश यादव मुख्यमंत्री रहते हुए अपने गांव की पोलिंग से हार गए थे..वो आज विपक्ष में रहकर उत्तर प्रदेश में बीजेपी और योगी जी को हराने की बात कह रहें हैं. ये बात कोई बीजेपी नेता नहीं.. खुद स्व. मुलायम सिंह यादव जी बता रहें हैं.'
आर्काइव लिंक यहां और यहां देखें.
पड़ताल में क्या मिला:
रिवर्स इमेज सर्च की मदद से हमें समाजवादी पार्टी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 22 नवंबर 2017 को प्रसारित एक लाइव वीडियो मिला, जिसमें 1 घंटे 9 मिनट के बाद वायरल क्लिप वाला हिस्सा देखा जा सकता है. वीडियो के डिस्क्रिप्शन के मुताबिक मुलायम सिंह यादव ने यह भाषण अपने 79वें जन्मदिन के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में दिया था.
मुलायम सिंह का यह बयान अखिलेश के लिए नहीं था
मूल वीडियो में मुलायम सिंह यादव 2017 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के खराब प्रदर्शन का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव के फैसलों पर नाराजगी जाहिर करते नजर आते हैं. इस दौरान वह कहते हैं, "कुछ बातों पर तो गौर किया है अखिलेश ने. जो हमने लागू किया था, वो ज्यों का त्यों लागू है और इन्होंने किया भी है- तीस हजार रुपये दिए (कन्या विद्या धन योजना). इतना काम करने के बाद भी 47 सीटें."
फिर वह कुछ नेताओं पर धोखा देने का आरोप लगाते हुए कहते हैं, "नाम नहीं लेंगे, ऐसे लोग हैं जो आज पदों पर बैठे हैं अखिलेश, (अखिलेश यादव की ओर इशारा करते हुए) बड़े पदों पर बैठा दिया आपने. वह अपने गांव के पोलिंग बूथ तक हार गए हैं."
मुलायम आगे कहते हैं कि एक पोलिंग बूथ पर 9 वोट मिले जबकि वहां से चुनाव लड़ने वाले नेता के परिवार में ही 51 वोट हैं.
पूरे भाषण के इस हिस्से को देखने पर स्पष्ट होता है कि यहां मुलायम सिंह यादव अखिलेश द्वारा कुछ ऐसे नेताओं को टिकट दिए जाने की आलोचना कर रहे थे, जो योग्य नहीं थे.
मुलायम सिंह यादव के इस भाषण पर अमर उजाला और लाइव हिंदुस्तान की रिपोर्ट देखी जा सकती है.
साल 2012 में अखिलेश यादव ने किसी भी विधानसभा सीट से चुनाव नहीं लड़ा था. उस समय वह कन्नौज से लोकसभा सांसद थे. मुख्यमंत्री बनने के बाद वह विधान परिषद के लिए निर्विरोध चुने गए थे.
कई मौकों पर अखिलेश की आलोचना कर चुके हैं मुलायम
मुलायम सिंह यादव कई बार सार्वजनिक मंच से अखिलेश यादव के फैसलों की आलोचना कर चुके हैं. साल 2017 विधानसभा चुनाव में सपा को मिली हार के बाद उन्होंने अखिलेश पर अपमानित करने का आरोप लगाया था और कहा था कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान को गंभीरता से लिया जिसमें उन्होंने कहा था कि जो अपने पिता का नहीं हुआ वह किसी और का क्या होगा. इससे पहले मुलायम सिंह यादव ने 2017 चुनाव में सपा-कांग्रेस के गठबंधन का भी विरोध किया था और प्रचार करने से इनकार किया था.



