फैक्ट चेक: अमेरिकी हमले में मारे गए नाविक का नहीं, मॉक ड्रिल का है यह वीडियो
बूम ने जांच में पाया कि वीडियो एक मॉक ड्रिल का है. वीडियो के क्रिएटर ने अपने इंस्टाग्राम पर वायरल दावे का खंडन किया है.

अमेरिकी हमले में मारे गए भारतीय नाविक के शव के दावे से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में एक व्यक्ति पानी वाले जहाज पर अचेत अवस्था में लेटा दिखाई देता है, जिसके हाथ और पैर बेल्ट से बंधे हुए हैं.
इस वीडियो को शेयर करते हुए यूजर्स मोदी सरकार पर निशाना साध रहे हैं और कह रहे हैं कि अमेरिका ने मारे गए भारतीय नागरिकों के शव को इस तरह बांधकर भारत भेजा है.
बूम ने पाया कि वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है. यह एक मॉक ड्रिल का वीडियो है. इसे शेयर करने वाले क्रिएटर ने भी सोशल मीडिया पर इस दावे का खंडन करते हुए इसे फेक बताया है.
गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच ओमान की खाड़ी में कमर्शियल शिप पर हुए अमेरिकी हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई. मृतकों में डेक कैडेट आदित्य शर्मा, इंजन फिटर शिवानंद चौरसिया और चीफ इंजीनियर पटनाला सुरेश शामिल थे. इनमें से दो नाविकों के शव भारत लाए जा चुके हैं.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे माध्यमों पर ड्रिल के इस वीडियो को शेयर करते हुए यूजर्स इसे अमेरिकी हमले में मारे गए नाविकों से जोड़ रहे हैं और लिख रहे हैं कि अमेरिका ने उनके शव को बांधकर भेज दिया है, अब मोदी जी को चुप्पी तोड़नी चाहिए.
आर्काइव लिंक यहां और यहां देखें.
पड़ताल में क्या मिला:
वीडियो एक मॉक ड्रिल का है
रिवर्स इमेज और संबंधित कीवर्ड सर्च की मदद से हमें bipul_raja_vlogs नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर वायरल वीडियो से जुड़ी कई वीडियो और तस्वीरें मिलीं. कुछ पोस्ट में इसे एक मॉक ड्रिल बताया गया था.
इस अकाउंट पर ऐसी ड्रिल के कई वीडियो मौजूद थे. अप्रैल 2026 में शेयर किए गए ऐसे ही एक वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स जहाज पर अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है और उसके आसपास कई लोग मौजूद हैं, जिनमें से एक सबको इंस्ट्रक्शन देता नजर आ रहा है.
वीडियो क्रिएटर दीपक कुमार ने किया दावे का खंडन
वीडियो वायरल होने के बाद bipul_raja_vlogs को चलाने वाले दीपक कुमार चंद्रवंशी ने कई पोस्ट के जरिए इस दावे का खंडन किया. 17 जून की एक पोस्ट में उन्होंने वायरल वीडियो में दिखाई देने वाले शख्स का वीडियो साझा करते हुए लिखा कि स्ट्रेचर ड्रिल के वीडियो का गलत तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा है.
एक अन्य पोस्ट में दीपक ने उस शख्स के साथ एक और वीडियो भी साझा किया, जिसमें वह खाना खाते हुए नजर आ रहा है. इस वीडियो में भी उन्होंने वायरल दावे का खंडन करते हुए बताया कि ड्रिल में शामिल यह शख्स पूरी तरह सुरक्षित और जीवित है.
bipul_raja_vlogs से जुड़े यूट्यूब चैनल Sunnybabu पर भी मॉक ड्रिल से जुड़े ऐसे वीडियो देखे जा सकते हैं.
बूम ने पुष्टि के लिए क्रिएटर दीपक कुमार से भी संपर्क किया है. जवाब मिलने पर लेख को अपडेट किया जाएगा.



