क्या करोड़ों की गाड़ी Rolls-Royce की मालकिन हैं मैथिली ठाकुर? जानिए वायरल दावे का सच
बूम ने पाया कि यह रोल्स-रॉयस Shreenathji Organisers Private Limited के नाम पर रजिस्टर्ड है. कंपनी के मुताबिक यह कार गाजीपारा परिवार ने गणपति दर्शन के लिए मैथिली ठाकुर को उपलब्ध कराई थी.

बीजेपी विधायक और लोकगायिका मैथिली ठाकुर मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा गणपति दर्शन के दौरान करोड़ों की लग्जरी कार Rolls-Royce में नजर आईं, जिसके बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर सवाल उठने लगे.
सोशल मीडिया पर लोगों ने सवाल किया कि 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान दाखिल उनके चुनावी हलफनामे के मुताबिक उनकी कुल घोषित संपत्ति करीब 3.82 करोड़ रुपये थी, ऐसे में वह इतनी महंगी कार की मालकिन कैसे बनी.
बूम ने अपनी जांच में पाया कि यह कार Shreenathji Organisers Private Limited के नाम पर रजिस्टर्ड है. बूम से बातचीत में कंपनी ने बताया कि यह कार गाजीपारा परिवार की है, जोकि एयरपोर्ट जाने और गणपति दर्शन के लिए मैथिली ठाकुर को उपलब्ध कराई गई थी.
गौरतलब है कि लोकगायिका मैथिली ठाकुर बिहार के दरभंगा जिले की अलीनगर सीट से बीजेपी की विधायक हैं. मैथिली ने बिहार चुनाव के दौरान बताया था कि उनकी कुल संपत्ति 3.82 करोड़ रुपये है और उनके नाम पर सिर्फ 20 हजार रुपये की होंडा एक्टिवा स्कूटी दर्ज है.
बीते दिनों मैथिली ठाकुर मुंबई में अरबपति बिजनेसमैन मुकेश अंबानी के घर गणपति उत्सव में शामिल हुई थीं. इसी बीच उन्हें लालबागचा राजा के दर्शन के दौरान Rolls-Royce में देखा गया, जिसके बाद वह विवादों के घेरे में आ गईं. हालांकि सांसद कंगना रनौत ने उनका बचाव करते हुए पोस्ट किया कि नेताओं के अच्छे जीवन जीने पर लोगों को आपत्ति क्यों होती है.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक यूजर ने सवाल उठाते हुए दावा किया, "BJP विधायक बने अभी एक साल भी नहीं हुआ. कागजों पर स्कूटर और सड़क पर Rolls-Royce. राजनीति ही शायद इकलौता ऐसा काम है, जहां Activa इतनी जल्दी Rolls-Royce में बदल जाती है." (आर्काइव लिंक)
एक अन्य यूजर ने उनके वीडियो को शेयर करते हुए उनपर तंज कसा और लिखा, "बिहार में बाढ़ पीड़ितों की मदद करते हुए मैथिली ठाकुर अपने 13 करोड़ की रोल्स-रॉयल्स से. बताओ एक विधायक भी रोल्स-रॉयल्स से चला रहा है और तुमलोग बोलते हो कि देश में गरीबी है..." (आर्काइव लिंक)
पड़ताल में क्या मिला: गाड़ी मैथिली ठाकुर के नाम पर रजिस्टर्ड नहीं है
हमने उनके एक वीडियो में दिख रहे गाड़ी नंबर की जांच की तो पाया कि यह Rolls-Royce Cullinan नवी मुंबई में Shreenathji Organisers Private Limited के नाम पर रजिस्टर्ड है.
इकनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीनाथजी ऑर्गेनाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड गुजरात के अहमदाबाद में पंजीकृत हैं और वर्तमान में इसके बोर्ड सदस्य और निदेशक नितिनकुमार बाबूभाई गाजीपारा और बाबूभाई विरजीभाई पटेल हैं.
Rolls-Royce के ओनर ने किया दावे का खंडन
बूम से बातचीत में नितिन गाजीपारा की ओर से पुष्टि की गई कि यह Rolls-Royce Cullinan 'श्रीनाथजी ऑर्गेनाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड' की है, जो गाजीपारा परिवार की कंपनी है. उन्होंने बताया कि इस गाड़ी का इस्तेमाल निजी कामों के लिए किया जाता है.
उनके मुताबिक, मैथिली ठाकुर को गाजीपारा परिवार ने 10 सितंबर 2026 को राजस्थान के उदयपुर में नितिन गाजीपारा की मां के 60वें जन्मदिन के मौके पर आयोजित भजन संध्या में परफॉर्म करने के लिए बुलाया था.
उन्होंने बताया, मैथिली ठाकुर जब मुंबई में थीं, तब गाजीपारा परिवार ने उन्हें नवी मुंबई स्थित अपने घर गणपति दर्शन के लिए भी बुलाया. इसके बाद शिष्टाचार के तौर पर परिवार की गाड़ी उन्हें उनकी तय फ्लाइट के लिए एयरपोर्ट छोड़ने जा रही थी. इसी दौरान मैथिली ने लालबागचा राजा के दर्शन की इच्छा जताई. उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए परिवार ने अपनी Rolls-Royce से उन्हें लालबागचा राजा के दर्शन कराए और फिर एयरपोर्ट छोड़ दिया. उन्होंने यह स्पष्ट किया कि मैथिली ठाकुर का कंपनी या इस गाड़ी से कोई संबंध नहीं है.
इसपर प्रतिक्रिया के लिए हमने मैथिली ठाकुर की टीम से भी संपर्क करने की कोशिश की. जवाब आने पर स्टोरी अपडेट की जाएगी. मैथिली ठाकुर ने भी अब तक इस मामले को लेकर सार्वजनिक तौर पर कोई बयान नहीं दिया है.


