नेपाल में त्रासदी से बचाव के लिए कुरान पढ़ने के दावे से किर्गिस्तान का वीडियो वायरल
बूम ने पाया कि वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है. कुरान पढ़ते लोगों का यह वीडियो नेपाल का नहीं बल्कि मध्य एशियाई देश किर्गिस्तान का है.

नेपाल में आई त्रासदी से बचने के लिए मुस्लिमों द्वारा पहाड़ों के बीच कुरान शरीफ पढ़े जाने के दावे से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.
बूम ने पाया कि वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है. यह वीडियो नेपाल का नहीं बल्कि मध्य एशियाई देश किर्गिस्तान का है. यह चुई क्षेत्र के केगेटी गॉर्ज में एक बच्चे के नदी में बह जाने के बाद चलाए गए सर्च ऑपरेशन से जुड़ा है, जिसमें बचावकर्मियों और स्वयंसेवकों समेत 1,000 से अधिक लोग शामिल हुए थे.
नेपाल में भोटेकोशी नदी में 26 अगस्त को आई बाढ़ में अब तक करीब 1,250 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि हजारों लोग अब भी लापता हैं.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
एक्स और इंस्टाग्राम जैसे माध्यमों पर वायरल हो रहे इस इस वीडियो में कुछ लोग पहाड़ी नदी के किनारे सुरक्षाकर्मियों की मौजदूगी में धार्मिक किताब पढ़ते दिख रहे हैं.
इसके साथ दावा किया जा रहा है कि नेपाल में आपदा से बचने के लिए पहाड़ों पर कुरान शरीफ पढ़ी जा रही है.
आर्काइव लिंक यहां और यहां देखें.
पड़ताल में क्या मिला:
वीडियो नेपाल त्रासदी से पहले का है
रिवर्स इमेज सर्च की मदद से हमें यह वीडियो एक इंस्टाग्राम पोस्ट में मिला, जिसे 26 जून 2026 को शेयर किया गया था. यानी यह वीडियो नेपाल में 26 अगस्त 2026 को आई बाढ़ से पहले का है.
इस इंस्टाग्राम पोस्ट के कैप्शन में किर्गिस्तान की लोकेशन का भी जिक्र किया गया था.
वीडियो नेपाल नहीं, किर्गिस्तान का है
हमने किर्गिस्तान में बोली जाने वाली भाषाओं रूसी और किर्गिज में वीडियो और घटना से संबंधित कीवर्ड सर्च किए. इस दौरान हमें इंस्टाग्राम और फेसबुक पर इस घटना से जुड़े कई पोस्ट मिले. यहां, यहां और यहां देखें.
पोस्ट में दी गई जानकारी के मुताबिक वीडियो किर्गिस्तान में एक 6 वर्षीय बच्चे के केगेटी गॉर्ज में बह जाने के बाद चलाए गए सर्च ऑपरेशन से जुड़ा है. इस अभियान में बचावकर्मियों और स्वयंसेवकों समेत 1,000 से अधिक लोग शामिल हुए थे, जहां बच्चे की तलाश के दौरान कुरान शरीफ भी पढ़ी गई थी.
घटना पर मौजूद मीडिया रिपोर्ट
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, 23 जून को किर्गिस्तान के चुई क्षेत्र में में दो परिवारों को ले जा रही एक कार सड़क से फिसलकर केगेटी गॉर्ज में गिर गई. कार में सवार महिलाएं और तीन बच्चे तो बचने में कामयाब रहे, लेकिन एक 12 वर्षीय लड़की और एक 6 वर्षीय बच्चा नदी की तेज धारा में बह गए. रेस्क्यू टीम ने पहले लड़की का शव बरामद किया. इसके बाद तीन दिनों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद 26 जून को 6 वर्षीय बच्चे का शव भी रेस्क्यू कर लिया गया.



